NTA का एक और बड़ा एक्शन, 600 पेपर सेटर्स हटाए गए, अब 4 लेवल पर होगी प्रश्नपत्रों की जांच

NTA Latest Update: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों और प्रश्नपत्रों में गलतियों को देखते हुए अपने एग्जामिनेशन सिस्टम में बड़ा बदलाव शुरू किया है। एजेंसी ने लंबे समय से प्रश्नपत्र तैयार कर रहे करीब 600 विशेषज्ञों को हटाकर नई टीम गठित की है।

अब प्रश्नपत्र तैयार करने के बाद उसकी कम से कम चार स्तर पर जांच (4-Tier Security Review) की जाएगी। इस बदलाव का मकसद प्रश्नपत्रों में गलतियां रोकने के साथ परीक्षाओं की पारदर्शिता और छात्रों का भरोसा कायम करना है।

UGC-NET के पेपर में गलतियों के बाद लिया फैसला

जून में आयोजित UGC-NET परीक्षा के दौरान इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के प्रश्नपत्रों को लेकर विवाद हुआ था। खासतौर पर सोशियोलॉजी के पेपर में स्पेलिंग, ग्रामर और ट्रांसलेशन की कई गलतियां सामने आई थीं।

प्रश्नपत्र में जाने-माने विचारकों के नाम तक गलत छपे थे। छात्रों के मुताबिक, ‘Ritzer’ को ‘Putzer’, ‘Parsons’ को ‘Parsow’, ‘Ghurye’ को ‘Ghunye’ और ‘A R Desai’ को ‘A K Desai’ लिखा गया था। हिंदी अनुवाद की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे थे। कुछ अभ्यर्थियों ने कुछ सवालों के AI-generated होने की आशंका जताई थी।

शिकायतों के बाद NTA की विशेष समिति ने जांच की और माना कि प्रश्नपत्र तैयार करने में बुनियादी नियमों का पालन नहीं हुआ। गलतियों की संख्या इतनी अधिक थी कि केवल आंसर-की में बदलाव करके समस्या का समाधान संभव नहीं था। इसके बाद इन तीनों विषयों की परीक्षा रद्द कर री-टेस्ट कराने का फैसला लिया गया।

9-10 सितंबर को होगा री-टेस्ट

UGC-NET के इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की दोबारा परीक्षा 9 और 10 सितंबर को आयोजित की जा रही है। इसमें करीब डेढ़ लाख उम्मीदवार शामिल होंगे।

NTA सूत्रों के अनुसार, प्रश्नपत्र तैयार करने की जिम्मेदारी नई टीम को दी जा चुकी है और इस टीम ने हाल की कुछ परीक्षाओं के पेपर तैयार भी किए हैं।

नई व्यवस्था के तहत प्रश्नपत्र को कई स्तरों पर जांचा जाएगा, ताकि भाषा, तथ्य, सवालों की गुणवत्ता और अनुवाद जैसी खामियां परीक्षा से पहले ही पकड़ी जा सकें। NTA का यह बदलाव राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की विश्वसनीयता बढ़ाने और छात्रों का भरोसा दोबारा मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

Also Read: NTA में फिर से एक्शन, 50 से अधिक स्टाफ की छुट्टी, अब प्राइवेट सेक्टर के एक्सपर्ट्स की एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.