कानपुर के निजी अस्पताल में नर्स से दरिंदगी, संचालक और भांजे ने बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, दोनों गिरफ्तार

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर अंतर्गत घाटमपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां स्थित श्री जी हॉस्पिटल की एक नर्स ने अस्पताल संचालक और उसके भांजे पर बंधक बनाकर बार-बार दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की लिखित तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घाटमपुर थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इमरजेंसी डिलीवरी के बहाने बुलाया

पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 16 अगस्त को अस्पताल संचालक सत्यम सैनी ने इमरजेंसी डिलीवरी का बहाना बनाकर उसे फोन कर बुलाया। इसके बाद आरोपी उसे कार से जहानाबाद रोड स्थित एक होटल ले गया, जहां उसके साथ जबरन गलत काम किया गया और विरोध करने पर ब्लैकमेलिंग के उद्देश्य से अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए गए।

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि इसके बाद अस्पताल संचालक सत्यम सैनी और उसके भांजे ललित सैनी ने पीड़िता को अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (OT) में ही बंधक बना लिया और वहां कई बार उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार, 31 अगस्त को आरोपी ललित सैनी उसे दोबारा डरा-धमकाकर जहानाबाद रोड के होटल ले गया और वहां भी उसके साथ दरिंदगी की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा सलाखों के पीछे

आरोपियों ने अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और पीड़िता के भाई व पति को जान से मारने की धमकी देकर उसे मुंह न खोलने के लिए मजबूर किया। लगातार मिल रही धमकियों के कारण पीड़िता डरी-सहमी रही, लेकिन आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर परिजनों को आपबीती बताई और थाने में शिकायत दर्ज कराई।

घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों नामजद आरोपियों (सत्यम सैनी और ललित सैनी) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की एक विशेष टीम होटल, अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और फोरेंसिक सबूतों को जुटाने में लगी हुई है ताकि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Also Read: मुजफ्फरनगर में बेकाबू बस ने 2 बाइकों को कुचला, एक बच्चा समेत 5 लोगों की मौत, चालक फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.