लखनऊ में सनकी आशिक गिरफ्तार, प्रेमिका की पत्थर से सिर कूचकर की थी हत्या

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में हुई एक युवती की सनसनीखेज हत्या का पुलिस और सर्विलांस टीम ने महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने कत्ल के आरोप में मृतका के पुराने प्रेमी को गिरफ्तार किया है, जिसने ईर्ष्या और गुस्से में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी सीमेंटेड ईंट (पत्थर) भी बरामद कर ली गई है।

दरअसल, सोमवार को सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को सूचना मिली थी कि आवास विकास योजना उतरेटिया रेलवे लाइन के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो मृतका के सिर पर गहरे जख्म थे, जिससे साफ था कि भारी पत्थर से सिर कूचकर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस की जांच में मृतका की पहचान 22 वर्षीय शिवानी पुत्री दीपू सिंह (निवासी रक्षाखंड एल्डिको, पीजीआई, लखनऊ) के रूप में हुई। शिवानी 17 मई की सुबह काम के सिलसिले में घर से निकली थी और लापता थी। मृतका की मां गीता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।

पूर्व बॉयफ्रेंड ही निकला कातिल

पुलिस उपायुक्त (DCP) दक्षिणी के निर्देशन में सुशांत गोल्फ सिटी थाने की 4 टीमों और सर्विलांस सेल को इस केस को सुलझाने में लगाया गया था। पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली, तो शक की सुई मृतका के पूर्व पुरुष मित्र (बॉयफ्रेंड) प्रेम कुमार मांझी पर जाकर टिकी। पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी प्रेम कुमार मांझी को शहीद पथ के सेक्टर-8 अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।

मूल रूप से बिहार के छपरा (मसरख) का रहने वाला 23 वर्षीय प्रेम कुमार फिलहाल लखनऊ की एल्डिको कॉलोनी में ही रह रहा था। पुलिस ने पूछताछ के बाद केस में साक्ष्य मिटाने की धारा 238 बीएनएस भी बढ़ा दी है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेम कुमार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की जो वजह बताई, वह हैरान करने वाली है। प्रेम ने बताया कि शिवानी और उसकी दोस्ती पिछले 7-8 सालों से थी। हालांकि, कुछ दिनों पहले शिवानी की कहीं और सगाई तय हो गई थी, जिससे प्रेम को कोई आपत्ति नहीं थी। लेकिन पिछले 6 महीनों से शिवानी अपने ऑफिस के एक अन्य सहकर्मी (मनीष) के साथ काफी नजदीक आ गई थी और उसके साथ ज्यादा घूमती-फिरती थी।

प्रेम ने शिवानी के मोबाइल में मनीष के साथ कुछ पर्सनल तस्वीरें देख ली थीं, जिसके बाद से उसका खून खौल रहा था। इसी खुन्नस में आकर प्रेम ने 17 मई की रात करीब 09:30 बजे शिवानी को बहला-फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठाया और उतरेटिया रेलवे लाइन के पास सुनसान जंगल में ले गया।

वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद प्रेम ने पहले वाटर लेवलिंग वाले रबर के पाइप से शिवानी का गला घोंटा। जब वह अचेत हो गई, तो उसे खींचकर झाड़ियों में ले गया और पास ही पड़ी सीमेंटेड ईंट से उसका सिर बुरी तरह कूचकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद उसने सबूत मिटाने के लिए शिवानी का मोबाइल फोन तेलीबाग नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

Also Read: बुद्ध जन्मस्थली लुम्बिनी में प्रवेश शुल्क हुआ महंगा, भारतीय पर्यटकों और बौद्ध श्रद्धालुओं की जेब पर बढ़ा बोझ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.