जम्मू-कश्मीर राज्यसभा चुनाव में BJP को एक सीट मिलने पर भड़के उमर अब्दुल्ला, धोखा देने का लगाया आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर की चार राज्यसभा सीटों पर हुए चुनाव में सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है, लेकिन चौथी सीट विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खाते में चली गई है। बीजेपी की इस अप्रत्याशित जीत से राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला नाराज़ हैं और उन्होंने क्रॉस-वोटिंग का शक जताते हुए कड़ा बयान दिया है।

दरअसल, जम्मू-कश्मीर में बीजेपी के पास सिर्फ 28 विधायक हैं, जबकि राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए उसे 4 अतिरिक्त वोट मिले। इन्हीं चार वोटों की बदौलत बीजेपी राज्यसभा की एक सीट जीतने में कामयाब रही और नेशनल कॉन्फ्रेंस के 4-0 से क्लीन स्वीप करने के मंसूबों पर पानी फिर गया।

नेशनल कॉन्फ्रेंस की तीन सीटों पर जीत के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, हमने 4-0 से जीतने की कोशिश की, लेकिन आखिर में हमें ‘धोखा’ मिला। मुझे लगता है कि हर कोई जानता है कि वे लोग कौन थे। अच्छा होता अगर उन्होंने खुले तौर पर कहा होता कि वे BJP के साथ जाना चाहते हैं। अब्दुल्ला ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जिन विधायकों ने चोरी-छिपे भाजपा की मदद की, उनमें हिम्मत होनी चाहिए। उन्होंने खुलेआम आकर कहना चाहिए कि हमने भाजपा को वोट डाला। सीएम ने भावुक होते हुए कहा कि कुछ लोगों ने हमारे साथ रहकर, हमारी मीटिंग में आकर और हमारा खाना खाकर बीजेपी को वोट दिया।

हालांकि, उमर अब्दुल्ला ने अपनी पार्टी के विधायकों पर भरोसा जताते हुए कहा कि NC का कोई भी वोट क्रॉस नहीं हुआ और न ही एक भी वोट खराब हुआ। उन्होंने कहा, मुझे खुशी है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस का कोई भी वोट किसी दूसरे कैंडिडेट को नहीं गया। मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के राज्यसभा कैंडिडेट की जीत के लिए काम किया। मैं कांग्रेस और बाकी साथियों का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के हक में मतदान किया। फिलहाल, किन विधायकों या किस पार्टी ने बीजेपी के लिए ये चार क्रॉस वोट किए, इसका खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन सीएम अब्दुल्ला का शक विपक्षी दलों के विधायकों पर है।

Also Read: Delhi News: बदल गए बच्चों के स्कूल में दाखिले के नियम, अब इस उम्र में मिलेगा पहली क्लास में एडमिशन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.