पूर्व IAS दिव्या मित्तल के राजनीति में एंट्री की बात पर भड़के ओपी राजभर, बोले- पैसा कमाते ही लोग नेता बनने लगते हैं

Lucknow News: पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल द्वारा सिविल सर्विसेज छोड़कर सियासत के मैदान में उतरने के फैसले ने उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। उनके इस निर्णय पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की तीखी प्रतिक्रिया आई है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि आजकल यह ट्रेंड बन चुका है कि लोग प्रशासनिक नौकरियों में रहकर पैसा जमा कर लेते हैं और उसके बाद सीधे राजनीति की ओर रुख करते हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2013 बैच की आईएएस अफसर दिव्या मित्तल ने बीते 30 अगस्त को निजी व पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था, जिसे केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसके बाद से ही उनके भविष्य की दिशा को लेकर कयासों का दौर जारी था। हालांकि, अब उन्होंने खुद सामने आकर इन तमाम चर्चाओं पर विराम लगा दिया है।

बिना किसी दल के नया राजनीतिक मंच बनाने का ऐलान

दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी आगे की रणनीति साझा की। उन्होंने साफ किया कि वह किसी बने-बनाए राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगी, बल्कि आम जनमानस को साथ जोड़कर एक स्वतंत्र और नया राजनीतिक मंच तैयार करेंगी। यह मंच सीधे तौर पर जनता के बुनियादी अधिकारों और समस्याओं की आवाज उठाएगा।

यूपी से सियासी पारी की शुरुआत और संकल्प

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी इस नई सियासी यात्रा का केंद्र बिंदु उत्तर प्रदेश ही रहेगा, क्योंकि यहाँ की जनता ने उन्हें हमेशा अपनी बेटी जैसा मान-सम्मान दिया है। उनका मकसद किसी उच्च पद को हासिल करना नहीं, बल्कि आम जनता की उन आवाजों को हुक्मरानों तक पहुँचाना है जो दफ्तरों के चक्कर काटते-काटते दब जाती हैं।

Also Read: पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने खत्म किया सस्पेंस, UP की राजनीति में करेंगी एंट्री, बनाएंगी खुद की पार्टी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.