अडानी को पीछे छोड़ अंबानी फिर बने भारत के सबसे अमीर व्यक्ति, चीन के झांग यिमिंग एशिया के नंबर-1
Forbes Billionaires List: मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) एक बार फिर भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स की रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन ने गौतम अडानी (Gautam Adani) को पीछे छोड़कर भारत के सबसे अमीर अरबपति का स्थान हासिल कर लिया है।
लिस्ट के अनुसार, मुकेश अंबानी की अनुमानित नेटवर्थ 78.8 अरब डॉलर है। वहीं, अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की संपत्ति 74.9 अरब डॉलर दर्ज की गई है। वैश्विक अरबपतियों की सूची में अंबानी 25वें स्थान पर हैं।
भारत के टॉप-5 अरबपतियों में कौन-कौन?
Forbes Billionaires Listमें सावित्री जिंदल (Savitri Jindal) 36.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारत के सबसे अमीर लोगों में तीसरे स्थान पर हैं। दुनिया के अरबपतियों की सूची में वह 64वें नंबर पर हैं।
भारत के शीर्ष पांच अरबपतियों में इनके बाद लक्ष्मी मित्तल (Lakshmi Mittal) और शिव नादर (Shiv Nadar) का नाम है। मित्तल की अनुमानित संपत्ति 30.6 अरब डॉलर, जबकि नादर की नेटवर्थ 27.4 अरब डॉलर है।
अंबानी-अडानी से आगे एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति
एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति के मामले में चीन के झांग यिमिंग (Zhang Yiming) ने अंबानी और अडानी दोनों को पीछे छोड़ रखा है। टिकटॉक की मूल कंपनी बाइटडांस (ByteDance) के संस्थापक यिमिंग की अनुमानित नेटवर्थ 84 अरब डॉलर है। इस सूची में मुकेश अंबानी दूसरे और गौतम अडानी तीसरे स्थान पर हैं।
शेयर बाजार से कैसे बदलती है अरबपतियों की संपत्ति?
फोर्ब्स की रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट (Forbes Billionaires List) में अरबपतियों की अनुमानित संपत्ति और रैंकिंग में होने वाले बदलाव दर्ज किए जाते हैं। इनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा कंपनियों के शेयरों में निवेश के रूप में होता है, इसलिए शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का सीधा असर नेटवर्थ पर पड़ता है।
उदाहरण के तौर पर, किसी अरबपति के पास 10 करोड़ शेयर हैं और प्रत्येक शेयर की कीमत 1,000 रुपये है, तो उनकी कुल कीमत 10,000 करोड़ रुपये होगी। शेयर का भाव बढ़कर 1,100 रुपये होने पर यही हिस्सेदारी 11,000 करोड़ रुपये की हो जाएगी। यानी मूल्य में 1,000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी होगी, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इतनी नकदी उनके बैंक खाते में आ गई है।
फोर्ब्स के मुताबिक, सार्वजनिक कंपनियों में अरबपतियों की हिस्सेदारी का मूल्य शेयर बाजार खुला रहने के दौरान हर पांच मिनट में अपडेट होता है। हालांकि, शेयरों की कीमतों के आंकड़ों में करीब 15 मिनट की देरी हो सकती है। इसी कारण बाजार में तेजी या गिरावट के साथ उनकी अनुमानित संपत्ति भी बदलती रहती है।
Also Read: रसोई का बजट बिगाड़ रही महंगाई, सितंबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 5.54% हुई

