UP Election 2027 की तैयारी में जुटे ओवैसी, पश्चिमी यूपी में लगातार दूसरी बड़ी रैली का ऐलान
UP Election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी लगातार मुस्लिम बहुल इलाकों में जनसभाएं कर पार्टी का जनाधार मजबूत करने में जुटे हैं। बिजनौर में रैली के बाद अब 18 जुलाई को सहारनपुर और 25 जुलाई को मुरादाबाद में उनकी बड़ी जनसभाओं की तैयारी चल रही है। पार्टी इसे पश्चिमी यूपी में अपनी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा मान रही है।
18 जुलाई को होने वाली प्रस्तावित जनसभा को लेकर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए हैं। सभा स्थल तय करने, प्रशासनिक अनुमति लेने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए लगातार बैठकें और संपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं। AIMIM का दावा है कि पश्चिमी यूपी में संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
अब सहारनपुर और मुरादाबाद पर फोकस
इससे पहले 29 जून को बिजनौर के नजीबाबाद में आयोजित ‘पैगाम-ए-इत्तेहाद’ कार्यक्रम में ओवैसी ने यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। अब सहारनपुर और मुरादाबाद की रैलियों के जरिए पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी और मजबूत करना चाहती है।
बिजनौर की रैली में ओवैसी ने भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी हर वर्ग को राजनीतिक भागीदारी और न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रही है। साथ ही कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान भी किया था।
AIMIM के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष महताब चौहान ने बताया कि सहारनपुर में UP Election 2027 को लेकर जनसभा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और जल्द ही सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
Also Read: मोदी कैबिनेट में स्मृति ईरानी की वापसी तय? राजनाथ सिंह को लेकर बढ़ी अटकलें

