ई-रिक्शा को रिमोट से रोकने का खेल खत्म! 7 चीनी Apps पर केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्र सरकार ने ई-रिक्शा और अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Google Android और Apple iOS को नोटिस जारी कर ऐसे 7 बैटरी मैनेजमेंट ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने का निर्देश दिया है, जिनके जरिए कथित तौर पर वाहनों की बैटरी को दूर से नियंत्रित या बंद किया जा सकता था।

सरकार के मुताबिक, इन ऐप्स का इस्तेमाल ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए बैटरी से चलने वाले वाहनों को दूर से बंद करने के लिए किया जा रहा था। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए थे, जिनमें चलते-चलते ई-रिक्शा अचानक बंद हो गए और चालक बीच सड़क पर फंस गए। इन शिकायतों के बाद सरकार ने मामले का संज्ञान लिया।

इन चीनी ऐप्स पर गिरी गाज

सरकार ने इससे पहले BAT-BMS, Lossigy और Epoch-i-ion समेत कई चीनी बैटरी मैनेजमेंट ऐप्स को हटाने का निर्देश दिया था। अब इसी कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए कुल सात ऐप्स के खिलाफ कदम उठाए गए हैं।

MeitY ने साफ किया है कि बैटरी से चलने वाले वाहनों के संचालन में दूर से हस्तक्षेप करने वाले किसी भी ऐप के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंत्रालय ने Google और Apple से ऐसे ऐप्स की जांच और स्क्रीनिंग व्यवस्था मजबूत करने को भी कहा है, ताकि भविष्य में सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा कोई खतरा न हो।

क्या होता है BMS ऐप?

बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) ऐप्स का इस्तेमाल सामान्य तौर पर बैटरी का वोल्टेज, करंट, तापमान और चार्जिंग स्टेटस मॉनिटर करने के लिए किया जाता है। लेकिन अधिकारियों के मुताबिक, कम सुरक्षा वाले बैटरी सिस्टम में यही इंटरफेस बैटरी की पावर सप्लाई को दूर से नियंत्रित करने या डिस्चार्ज रोकने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह खतरा खासकर उन सस्ते बैटरी पैक में अधिक होता है, जिनमें बिना मजबूत पासवर्ड या ऑथेंटिकेशन के ब्लूटूथ एक्सेस उपलब्ध होता है।

सरकार ने कहा है कि पूरे मामले की निगरानी की जा रही है और इसी तरह के अन्य ऐप्स की भी जांच जारी है। साथ ही ऐप प्लेटफॉर्म्स को कनेक्टेड डिवाइस ऐप्स के लिए सुरक्षा मानकों को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

Also Read: Meta की बढ़ीं मुश्किलें! Instagram पर अश्लील कंटेंट को लेकर सरकार का बड़ा एक्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.