राम मंदिर दान चोरी केस पर ओवैसी का हमला, BJP-RSS के साथ चंपत राय को भी लिया आड़े हाथ
Asaduddin Owaisi: राम मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी का मामला अब राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर में जनसभा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि अगर ट्रस्ट में कोई मुस्लिम सदस्य होता और बाद में यह मामला सामने आता, तो उसका एनकाउंटर कर दिया जाता, बुलडोजर से उसका घर गिरा दिया जाता और मामला खत्म कर दिया जाता।
गिरफ्तार आरोपियों की कस्टडी पर ओवैसी ने उठाए सवाल
ओवैसी ने ट्रस्ट के पूर्व पदाधिकारी चंपत राय पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह आराम से हैं, जबकि बाकी मामलों में लोगों के घर तोड़े जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस कस्टडी तक नहीं दी जा रही है। साथ ही उन्होंने बीजेपी और आरएसएस से पूछा कि क्या चंपत राय उनके “लाड़ले” हैं। उन्होंने राम माधव के पाकिस्तान से जुड़े कूटनीतिक प्रयासों का भी जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस की पूजा और जांच में हुई कार्रवाई
इधर, कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या में राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेगा। हालांकि, कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या के एक होटल में नजरबंद किए जाने का दावा किया गया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन बिना पारदर्शी प्रक्रिया और जन-परामर्श के किया गया तथा इसमें आरएसएस से जुड़े लोगों को जगह दी गई।
राम मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) की शुरुआती रिपोर्ट मिलने के बाद 25 जून को एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव शामिल हैं।
Also Read : राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर मायावती बोलीं- गबन और हेराफेरी गंभीर, इस संवेदनशील मुद्दे पर न हो राजनीति

