पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने उठाई बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने की मांग

Sandesh Wahak Digital Desk: कथावाचक और बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बुंदेलखंड को एक अलग राज्य बनाने की मांग का समर्थन किया है। उनका मानना है कि अगर बुंदेलखंड एक अलग राज्य बन जाता है, तो इस क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी।

मध्य प्रदेश के छतरपुर में मीडिया से बात करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि इस तरह के निर्णय लेने के लिए देश में अपनी सरकार और कानून हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे समझदार लोग इस पर फैसला लेंगे।

सड़कों पर घूमती गायों पर जताई चिंता

धीरेंद्र शास्त्री ने सड़कों पर घूमती गायों को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा, जिस गाय को हम मां कहते हैं, उसका सड़कों पर घूमना बुंदेलखंड, मध्य प्रदेश और हिंदुओं के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकारों से जल्द से जल्द इस समस्या को हल करने की अपील की।

उन्होंने सुझाव दिया कि हर ब्लॉक या जिले में 5-5 गौशालाएं बनाई जाएं, जिनमें 5 से 10 हजार गायों को रखा जा सके। अगर ऐसी व्यवस्था की जाती है, तो सड़कों पर गायों की समस्या खत्म हो जाएगी।

धीरेंद्र शास्त्री ने छतरपुर में रामलीला समिति के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्र और भगवान राम एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा, राम से ही राष्ट्र है और राष्ट्र से ही प्रभु श्रीराम हैं। उन्होंने हर भारतीय से देशभक्ति दिखाने का आह्वान किया और सुझाव दिया कि देश के सभी मंदिरों, मस्जिदों और चर्चों में हफ्ते में कम से कम एक बार राष्ट्रगान गाया जाना चाहिए। उनका मानना है कि इससे लोगों में देशभक्ति की भावना हमेशा बनी रहेगी।

Also Read: Azamgarh News: ‘लंगड़ा अभियान’ में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, अंतरजनपदीय बदमाश शिवम यादव मुठभेड़ में घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.