लखनऊ यूनिवर्सिटी में पेपर लीक और अश्लील ऑफर का मामला, आरोपी प्रोफेसर पुलिस हिरासत में

Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय में एक असिस्टेंट प्रोफेसर द्वारा छात्रा को पेपर लीक करने का झांसा देकर अनुचित मांग करने का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोपी प्रोफेसर और छात्रा के बीच हुई कथित आपत्तिजनक बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला तूल पकड़ते ही विश्वविद्यालय प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया और परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में ले लिया है। नीट (NEET) पेपर लीक के देशव्यापी विवाद के बीच यूनिवर्सिटी के इस आंतरिक मामले ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

डार्लिंग, मैंने दोनों पेपर आउट कर लिए हैं, मिलने कब आओगी

वायरल ऑडियो क्लिप लखनऊ विश्वविद्यालय के जियोलॉजी (भूविज्ञान) विभाग का बताया जा रहा है, जिसमें कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह कथित तौर पर एक छात्रा से बेहद अशोभनीय और निजी बातचीत करते सुने जा रहे हैं। ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा को डार्लिंग और बच्चा कहकर संबोधित कर रहा है और उसे वित्तीय सहायता से लेकर केजीएमयू में डॉक्टरी मदद तक का लालच दे रहा है।

हद तो तब हो गई जब प्रोफेसर ने कोर और इलेक्टिव विषयों के दोनों प्रश्नपत्र पहले से ही आउट (लीक) करने का दावा करते हुए छात्रा पर परीक्षा से पहले मिलने आने का दबाव बनाया। हालांकि, छात्रा लगातार सिलेबस पूरा होने और पारिवारिक मजबूरियों का हवाला देकर मिलने से बचती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि प्रोफेसर की हरकतों को बेनकाब करने के लिए खुद छात्रा ने यह ऑडियो रिकॉर्ड कर वायरल किया है।

एबीवीपी का प्रदर्शन, आंतरिक समिति को जांच के आदेश

ऑडियो क्लिप सार्वजनिक होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर का माहौल गरमा गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने परिसर में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया और आरोपी प्रोफेसर की तत्काल बर्खास्तगी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलपति (वीसी) जेपी सैनी ने आंतरिक शिकायत समिति को पूरे प्रकरण की जांच कर 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का कड़ा निर्देश दिया है। उधर, हसनगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर प्रोफेसर परमजीत सिंह को हिरासत में ले लिया है और वायरल ऑडियो की सत्यता की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

Also Read: एटा और बुलंदशहर में मुठभेड़ के बाद तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.