Lucknow News: संसद जनता के सवालों का सर्वोच्च मंच बने, संख्या बढ़ाने से पहले सरकार दे जवाब- चौधरी सुनील सिंह

Lucknow News: लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने संसद की कार्यप्रणाली और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, बेरोजगार युवा, रोजगार, महंगाई, ग्रामीण विकास और आम लोगों की आर्थिक परेशानियां देश की बड़ी चुनौतियां हैं। ऐसे में संसद का समय इन मुद्दों पर गंभीर चर्चा और सरकार से जवाब मांगने में इस्तेमाल होना चाहिए।

चौधरी सुनील सिंह ने संसद के कामकाज में व्यवधान के कारण 175 करोड़ रुपये के कथित नुकसान पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि संसद जनता के पैसे से चलती है।

ऐसे में कामकाज प्रभावित होने से हुए आर्थिक नुकसान की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक धन और संसद के समय की बर्बादी पर सरकार से स्पष्टीकरण मांगा।

विधेयक को लेकर सरकार से मांगा जवाब

प्रेस वार्ता में एक विधेयक को लेकर पूछे गए सवाल पर लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि कानून में बदलाव की जरूरत क्यों पड़ी।

उन्होंने दावा किया कि सरकार का यह कदम अमेरिका के दबाव में उठाया जा रहा है और इसकी वास्तविक स्थिति जनता के सामने स्पष्ट होनी चाहिए।

महिलाओं को 50 हजार रुपये देने के वादे पर सवाल

महिलाओं को 50 हजार रुपये सालाना देने की चुनावी घोषणा पर भी उन्होंने सवाल उठाया।

सिंह ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना जरूरी है, लेकिन चुनावी वादों की पारदर्शिता और उनके क्रियान्वयन का हिसाब जनता के सामने होना चाहिए।

उन्होंने सरकार से पूछा कि पहले जिन राज्यों में ऐसे वादे किए गए, वहां कितनी महिलाओं को वास्तव में इसका लाभ मिला।

‘विभाजन की पीड़ा को नफरत का हथियार न बनाएं’

14 अगस्त को आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को याद करना जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर नफरत और राजनीतिक विभाजन को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इतिहास से सीख लेकर देश को जोड़ने का प्रयास होना चाहिए।

संसद को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जनता की समस्याओं के समाधान और सरकार से जवाबदेही तय करने का सर्वोच्च मंच बनाया जाना चाहिए।

Also Read: Bareilly News: भव्य तिरंगा यात्रा के साथ मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.