‘दरवाजा खोला तो दुनिया खत्म थी’, पहली पत्नी को याद कर फूट-फूटकर रोए पवन सिंह

Pawan Singh: भोजपुरी स्टार पवन सिंह इन दिनों शो ‘भोजपुरी बवाल’ में अपनी जिंदगी से जुड़े कई किस्से साझा कर रहे हैं। शो के नए प्रोमो में पवन सिंह अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह को याद करते हुए भावुक हो गए। इस दौरान उनकी शादी का अनसीन वीडियो भी दिखाया गया है।

पवन सिंह ने नीलम की तस्वीर की आरती उतारी और उस पर फूल-माला चढ़ाई। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में एक देवी पाई थी, लेकिन उसे खो दिया। उन्होंने नीलम को अपनी जिंदगी की देवी बताते हुए कहा कि जब तक उनके शरीर में जान रहेगी, वह उनकी जिंदगी रहेंगी।

पत्नी की मौत का दिन किया याद

पवन सिंह ने बताया कि वह एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे और घर पहुंचने में काफी देर हो गई थी। घर आने के बाद उन्होंने हॉल का दरवाजा खुला देखा। इसके बाद जब वह अपने कमरे में पहुंचे तो उनकी जिंदगी बदल चुकी थी। इस घटना को याद करते हुए पवन सिंह रो पड़े और कहा कि वह आगे बोल नहीं पाएंगे।

पवन सिंह और नीलम सिंह की शादी 1 दिसंबर 2014 को हुई थी। नीलम उनके बड़े भाई की साली बताई जाती थीं। मार्च 2015 में नीलम का निधन हो गया था। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने आत्महत्या की थी।

अक्षरा के बाद ज्योति से हुई शादी

नीलम की मौत के बाद पवन सिंह का नाम अक्षरा सिंह से जुड़ा। बाद में मां की इच्छा पर उन्होंने अक्षरा से रिश्ता खत्म कर ज्योति सिंह से शादी की। अब उनकी दूसरी शादी भी विवादों में है और तलाक की प्रक्रिया की खबरें सामने आती रही हैं। वहीं, पवन सिंह के तीसरी शादी करने की चर्चाएं भी चल रही हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.