कुशीनगर में 7 केंद्रों पर PCS प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन, 2880 अभ्यर्थी देंगे इम्तिहान

पडरौना (कुशीनगर): सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) प्रारंभिक परीक्षा रविवार, 12 अक्टूबर को कुशीनगर जनपद के 7 परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा और निगरानी के बीच आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए कुल 2,880 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

DM ने की तैयारियों की समीक्षा, पारदर्शिता पर ज़ोर

जिलाधिकारी (DM) महेंद्र सिंह तंवर ने कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य संबंधित कार्मिकों की अंतिम बैठक की अध्यक्षता की। DM ने सभी अधिकारियों को परीक्षा की सुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को समय पर केंद्र पर पहुँचकर व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

दो पालियों में होगी परीक्षा

PCS प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

पाली                                                        समय

प्रथम पाली                  सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक

द्वितीय पाली             दोपहर 2:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक

सभी परीक्षा केंद्रों पर पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी।

नोडल अधिकारी और विशेष टीम

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए अपर जिलाधिकारी (ADM) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। परीक्षा के लिए सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को नियुक्त किया गया है, साथ ही आवश्यकता पड़ने पर प्रतिस्थापन के लिए आरक्षित (रिजर्व) मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष के अतिरिक्त सह केंद्र व्यवस्थापक भी तैनात हैं। इसके अलावा, प्रत्येक चार परीक्षा कक्षों पर एक सहयोगी निरीक्षक तैनात रहेगा, जो नियंत्रण कक्ष से समन्वय बनाएगा।

जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर फैलाई जाने वाली अफवाहों से दूर रहने की हिदायत देते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी अनुचित गतिविधि, संचार उपकरण या अन्य इलेक्ट्रॉनिक साधन का प्रयोग केंद्र पर न हो पाए।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: मिशन शक्ति अभियान: बाल विवाह रोकने के संकल्प पर कुशीनगर में 4 बालिकाएं सम्मानित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.