वक्फ बिल नहीं तेजस्वी यादव को कूड़े में डाल देगी जनता : मंत्री नंद गोपाल ‘नंदी’
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने मंगलवार को मीरजापुर भाजपा जिला कार्यालय, बरौधा कचार में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव के वक्फ बिल संबंधी बयान पर तीखा पलटवार किया।
तेजस्वी यादव पर तीखा हमला
तेजस्वी यादव के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने सरकार बनने पर वक्फ बिल को कूड़े में डालने की बात कही थी, मंत्री नंदी ने कहा, “जनमानस आपको कूड़े में डाल देगा।”
उन्होंने आगे कहा कि “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार की गाड़ी पटरी पर आई है, इसको उतरने नहीं दिया जाएगा। तेजस्वी यादव केवल तुष्टीकरण को बढ़ावा देने और तुष्टीकरण का मनोबल बढ़ाने के लिए इस प्रकार की बातें कर रहे हैं।”
‘सरदार @150 यूनिटी मार्च’ का ऐलान
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने पत्रकार वार्ता के दौरान सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप सरदार पटेल को नमन करते हुए देशभर में 31 अक्टूबर से 06 दिसंबर तक “सरदार @150 यूनिटी मार्च” पदयात्रा सहित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पदयात्रा और जागरूकता अभियान
प्रथम चरण: पदयात्रा के प्रथम चरण में (31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक) जनपद की सभी विधानसभाओं में पदयात्राएं होंगी, जिसमें जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र, एनसीसी कैडेट्स और आमजन की भागीदारी रहेगी।
तीन दिवसीय और 8 से 10 किलोमीटर की इन पदयात्राओं के दौरान तमाम जन जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, जिसमें स्वच्छता अभियान, माल्यार्पण, सरदार पटेल के जीवन पर आधारित संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक और स्वदेशी मेला आदि शामिल होंगे।
मंत्री नंदी ने कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय एकीकरण और भारतीय संप्रभुता के पुरोधा लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के अतुलनीय योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि “आज हम जिस विराट और विस्तृत भारत का स्वरूप देख रहे हैं, इसके निर्माण में सरदार पटेल का अतुलनीय योगदान रहा है, जिन्होंने छोटी-बड़ी 565 रियासतों का एकीकरण करके ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना की आधारशिला रखी।”
Also Read : ‘10 मुस्लिम लड़कियों को उठा लाओ, नौकरी का इंतजाम करेंगे’, पूर्व MLA राघवेंद्र प्रताप का विवादित बयान

