पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 सस्ता, जुलाई के पहले दिन बड़ी राहत, इस कंपनी ने घटाई कीमत

Petrol Diesel Price: जुलाई की शुरुआत आम लोगों के लिए राहतभरी खबर लेकर आई है। नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने अपने पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती का ऐलान किया है। नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू हो गई हैं।

करीब दो साल से अधिक समय बाद किसी तेल कंपनी ने खुदरा ईंधन की कीमतों में इतनी बड़ी कटौती की है। इसका सीधा फायदा उन उपभोक्ताओं को मिलेगा, जो नायरा एनर्जी के पेट्रोल पंपों से ईंधन भरवाते हैं।

7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर मिलेगा फायदा

रूस की रोसनेफ्ट समर्थित नायरा एनर्जी हाल ही में देशभर में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों का नेटवर्क खड़ा कर निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी ईंधन रिटेलर बन गई है। कंपनी ने अपने सभी आउटलेट्स पर नई कीमतें लागू कर दी हैं। हालांकि अलग-अलग राज्यों में VAT और स्थानीय टैक्स के कारण अंतिम कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है।

सरकारी पेट्रोल पंपों पर फिलहाल कोई बदलाव नहीं

जहां नायरा एनर्जी ने ग्राहकों को राहत दी है, वहीं इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने फिलहाल अपनी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।

दिल्ली में सरकारी पेट्रोल पंपों पर अभी भी Petrol ₹102.12 प्रति लीटर और Diesel ₹95.20 प्रति लीटर की दरें लागू हैं।

गौरतलब है कि 26 मार्च 2026 को मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के चलते नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था। अब कंपनी ने उतनी ही कटौती कर दी है।

इसके बाद सरकारी तेल कंपनियों ने भी मई में कई चरणों में ईंधन महंगा किया था, जिससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई थी।

क्यों सस्ता हुआ Petrol-Diesel?

विशेषज्ञों के अनुसार, मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने, होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) के दोबारा खुलने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में गिरावट के कारण ईंधन की लागत घटी है। इसी का फायदा नायरा एनर्जी ने सीधे ग्राहकों तक पहुंचाया है।

Also Read: आज से लागू हुआ नया VB-G RAM G कानून, इतने दिन रोजगार और बढ़ी मजदूरी का मिलेगा फायदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.