पश्चिम एशिया संकट के बीच पीएम मोदी शुक्रवार को मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे बैठक
Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया के नक्शे पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत की दहलीज तक महसूस होने लगा है। इस वैश्विक संकट से निपटने और देश की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल (शुक्रवार) सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक अहम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करने जा रहे हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भू-राजनीतिक (Geopolitical) तनाव के कारण पैदा होने वाली चुनौतियों पर राज्यों के साथ तालमेल बिठाना है। पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों को मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात की बारीकियों से अवगत कराएंगे। ईंधन (पेट्रोल-डीजल), खाद की आपूर्ति और ग्लोबल सप्लाई चेन में आने वाली रुकावटों को कम करने के लिए राज्यों से सहयोग मांगा जाएगा।
चुनावी राज्यों के लिए अलग व्यवस्था
आचार संहिता (Model Code of Conduct) का सम्मान करते हुए, जिन राज्यों में इस समय चुनाव हो रहे हैं, वहां के मुख्यमंत्री इस बैठक का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि, उन राज्यों की तैयारियों में कोई कमी न रहे, इसके लिए कैबिनेट सचिवालय अलग से वहां के मुख्य सचिवों (Chief Secretaries) के साथ बैठक करेगा।
इससे पहले बुधवार को संसद भवन में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। इस बैठक में एक दुर्लभ एकजुटता देखने को मिली। कांग्रेस, सपा, वामपंथी दलों सहित सभी विपक्षी नेताओं ने सरकार को आश्वासन दिया कि इस संकट की घड़ी में वे सरकार के हर कदम का समर्थन करेंगे। सरकार ने जानकारी दी कि ईंधन, खाद और जरूरी सामानों की सप्लाई बनाए रखने के लिए सात अधिकार प्राप्त समूह (Empowered Groups) बनाए गए हैं जो चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।
Also Read: तेल के लिए लखनऊ के पेट्रोल पंपों पर उमड़ा जनसैलाब, कहीं लंबी कतारें तो कहीं नो स्टॉक के बोर्ड

