Siddharthnagar News: दस साल से बदहाल आज़ाद नगर–बेलसर मार्ग, निर्माण शुरू कराने की मांग को लेकर डीएम से लगाई गुहार
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में आज़ाद नगर–बेलसर मार्ग के निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी से नाराज क्षेत्रीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा है। सोमवार को सादिक़ अली अहमद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। नागरिकों ने बेहद जर्जर हो चुकी इस सड़क का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू कराने की पुरजोर मांग की है।
सौंपे गए ज्ञापन में नागरिकों ने दर्द बयां करते हुए कहा कि यह मार्ग पिछले करीब दस वर्षों से बदहाली के आंसू रो रहा है। लगभग तीन महीने पहले नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा बड़े जोर-शोर से सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ तो किया गया था, लेकिन उसके बाद से काम पूरी तरह ठप पड़ा है। ठेकेदार और कार्यदायी संस्था ने कुछ जगहों पर गिट्टी डालकर काम को अधूरा छोड़ दिया है, जिससे राहगीरों के लिए दुर्घटनाओं का खतरा और ज्यादा बढ़ गया है।

लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग की हालत इतनी खस्ता है कि मानसून या मामूली बरसात के दौरान भी सड़क पर घुटनों तक पानी जमा हो जाता है। इस वजह से पैदल यात्रियों का निकलना दूभर हो जाता है और चार पहिया वाहनों का आवागमन लगभग पूरी तरह ठप हो जाता है।

नागरिकों ने ज्ञापन में निम्नलिखित मुख्य बिंदु उठाए हैं
आपातकालीन संकट: सड़क की बदहाली के कारण आपातकालीन स्थितियों में एम्बुलेंस तक गांव या मोहल्ले में नहीं पहुंच पाती है।
प्रभावित वर्ग: रास्ते के बंद होने या खराब होने से सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है।
एक्शन की मांग: नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सड़क का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया जाए। साथ ही, इस देरी के लिए जिम्मेदार संबंधित अधिकारियों और लापरवाह कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कानूनी व दनात्मक कार्रवाई की जाए।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से अखबर अली, मैनुद्दीन, जुमराती नेता, हारून, धीरज गुप्ता, रहंगू, राम सेवक, दयाशंकर पांडे, राजू भाई, अरीश, राजाराम, हरीशचंद्र, अंकुर, अदनान, नज़ीर टेंट सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान

