न्यूयॉर्क स्टेट कैपिटल को बम से उड़ाने की साजिश नाकाम, एफबीआई ने ISIS समर्थित जेसिका बोवी को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने न्यूयॉर्क स्टेट कैपिटल बिल्डिंग को बम से उड़ाने और वहां मौजूद सांसदों की हत्या की साजिश का भंडाफोड़ किया है। एफबीआई ने इस सिलसिले में ऑल्बनी की रहने वाली 35 वर्षीय जेसिका बोवी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) से प्रभावित थी और उसके प्रति निष्ठा जता चुकी थी। उस पर विदेशी आतंकी संगठन को संसाधन और सहायता मुहैया कराने की कोशिश का संघीय (फेडेरल) आरोप लगाया गया है।
व्हाइट हाउस की तुलना में आसान निशाना मानकर की थी रेकी
अदालती दस्तावेजों और जांच रिपोर्ट के अनुसार, जेसिका बोवी ने हमले की योजना को अंजाम देने के लिए ऑल्बनी स्थित न्यूयॉर्क स्टेट कैपिटल बिल्डिंग की कई बार रेकी (निगरानी) की थी। पूछताछ और जांच में सामने आया है कि उसने इस इमारत को इसलिए अपना निशाना चुना क्योंकि उसका मानना था कि वाशिंगटन स्थित व्हाइट हाउस की तुलना में इस इमारत को निशाना बनाना और भेदना अधिक आसान होगा।
सीनेटरों की हत्या और इमारत तबाह करने का था इरादा
दर्ज क्रिमिनल शिकायत के मुताबिक, बोवी पिछले कई हफ्तों से एफबीआई के गुप्त (अंडरकवर) एजेंटों और मुखबिरों के संपर्क में थी, जो खुद को आईएसआईएस के सदस्य बताकर उससे मिल रहे थे। एजेंटों से बातचीत के दौरान बोवी ने अपनी योजना का खुलासा करते हुए कहा था कि वह कैपिटल बिल्डिंग के एक बड़े हिस्से को उड़ाना चाहती है और वहां मौजूद सीनेटरों व सांसदों को मौत के घाट उतारना चाहती है।
नकली विस्फोटक देकर रंगे हाथों दबोची गई आरोपी
सुरक्षा और जांच रणनीति के तहत एफबीआई एजेंटों ने महिला को एक निष्क्रिय (नकली) बम और एक खराब बंदूक सौंपी। जैसे ही उसने इन हथियारों व विस्फोटकों को अपने कब्जे में लिया, एफबीआई ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। अभियोजकों का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा संभावित आतंकी हमला टल गया है। आरोपी महिला के खिलाफ संघीय अदालत में मामला चलाकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: ‘वंदे मातरम’ पर कांग्रेस के भीतर ही मतभेज? CWC के फैसले पर नेताओं ने कहा- बेतुका मुद्दा

