पीएम मोदी और अमेरिकी डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर व्यापार व वैश्विक सुरक्षा पर हुई चर्चा
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच टेलीफोन पर द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर दूरगामी चर्चा हुई। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए इस बातचीत की जानकारी दी। बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने भी संवाद की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और अहम तकनीकों के क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति बनी है।
यह वार्ता ऐसे समय में हुई है जब दोनों देशों के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, दोनों शीर्ष नेताओं ने क्षेत्रीय व वैश्विक सुरक्षा के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मामलों पर अपने विचार साझा किए। फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली सीधी बातचीत थी, जिसमें भारत-अमेरिका की ‘ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ को आगे बढ़ाने के संकल्प को दोहराया गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत दौरे की तैयारियां
कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार, वाशिंगटन अगले वर्ष की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति की भारत यात्रा की रूपरेखा पर काम कर रहा है। हाल ही में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और राजदूत सर्जियो गोर ने भी दोनों देशों के संबंधों को अब तक के सबसे मजबूत दौर में बताया था। इस वार्ता से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग और द्विपक्षीय व्यापारिक रिश्तों में और अधिक तेजी आने की संभावना है।
Also Read: शाहजहांपुर में दो साधुओं का डबल मर्डर, मंदिर में तख्त से बांधकर जिंदा जलाया, जांच में जुटी पुलिस

