असम के बिस्वनाथ में गरजे पीएम मोदी, कांग्रेस पर लगाया घुसपैठियों को बसाने का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी विधानसभा चुनावों की रणभेरी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को असम के दौरे पर रहे। बिस्वनाथ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार के रिपोर्ट कार्ड के साथ-साथ कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि जनता के अटूट विश्वास के दम पर असम में तीसरी बार ‘डबल इंजन’ की सरकार बनने जा रही है।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आजादी के बाद से ही इस दल ने केवल अपनी कुर्सी बचाने के लिए असम के हितों से समझौता किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस का सबसे बड़ा पाप घुसपैठियों को मुख्यधारा में शामिल करना था। अपने वोट बैंक के लिए उन्होंने असम की लाखों बीघा जमीन पर अवैध कब्जे होने दिए। उन्होंने न असम के जंगलों को बख्शा और न ही एक सींग वाले गैंडों को।
पीएम ने भावुक होते हुए कहा कि कांग्रेस को देश की विरासत और गौरवमयी इतिहास से नफरत है। उन्होंने भारत रत्न भूपेन हजारिका के अपमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जहां भाजपा ने उन्हें सर्वोच्च सम्मान दिया, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका मजाक उड़ाया।
ब्रह्मपुत्र के नीचे देश की पहली अंडरवॉटर टनल
विकास की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हो रहे बड़े बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि असम की तस्वीर बदलने के लिए ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे देश की पहली दो-ट्यूब वाली सड़क और रेल सुरंग बनाई जा रही है।
लागत: इस मेगा प्रोजेक्ट पर 18,662 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
फायदा: इससे न केवल सफर आसान होगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के हजारों नए अवसर भी खुलेंगे।
उन्होंने उस समय को याद किया जब 10 साल पहले लोग असम की बदहाली देखकर हैरान होते थे, जबकि आज यहाँ के एक्सप्रेसवे पर लड़ाकू विमान उतर रहे हैं।
कच्चे तेल के उत्पादन में असम ने बनाया रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री ने असम को भारत की ऊर्जा सुरक्षा का पावरहाउस बताया। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया कच्चे तेल और पेट्रोल-डीजल की कमी से जूझ रही है, तब असम उत्पादन के नए रिकॉर्ड बनाकर देश को मजबूती दे रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित असम के निर्माण में सड़कों, पुलों और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी का बड़ा योगदान है, जिससे पर्यटन और उद्योग दोनों को पंख लग रहे हैं।
Also Read: मेरठ कचहरी में ‘बम’ की दहशत: ईमेल से मिली 13 धमाकों की धमकी, खाली कराया गया पूरा परिसर

