पीएम मोदी ने चेन्नई को दी मेट्रो, पोर्ट और टेक्नोलॉजी प्रोजेक्ट्स की सौगात

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में राज्य की प्रगति को नई गति देने वाली कई बड़ी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पावन नवरात्रि के अवसर पर शिव और शक्ति की पावन भूमि तमिलनाडु में आना उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने प्रसिद्ध जलकंडेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कर देशवासियों की समृद्धि की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने महान राष्ट्रसेवकों लोकनायक जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान आईआईटी मद्रास के ब्रेन रिसर्च सेंटर का अवलोकन किया और चेन्नई मेट्रो रेल नेटवर्क के नए चरण को जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आस्था के केंद्रों से लेकर आधुनिक मेट्रो तक का सफर नए भारत की सोच को दर्शाता है एक ऐसा भारत जो अपनी प्राचीन सांस्कृतिक जड़ों से प्रेरणा लेकर आधुनिक तकनीक और इंफ्रास्ट्रक्चर के दम पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

राज्य के विकास से देश का विकास का मूल मंत्र

सार्वजनिक जीवन में अपने 25 वर्षों के लंबे कार्यकाल का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने हमेशा राज्य के विकास से देश का विकास के सिद्धांत पर काम किया है। उन्होंने तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्रियों एम. करुणानिधि, जे. जयललिता, ओ. पन्नीरसेल्वम, ई. पलानीस्वामी और वर्तमान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ अपने सहयोगात्मक अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि सरकारें बदलने के बावजूद तमिलनाडु की प्रगति के प्रति केंद्र का संकल्प सदैव अटूट रहा है।

ट्रांसपोर्ट और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का व्यापक विस्तार

शहरी विकास और ट्रांसपोर्ट पर बात करते हुए पीएम ने स्पष्ट किया कि शहरीकरण को एक चुनौती नहीं, बल्कि एक अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए। बेहतर परिवहन के लिए केवल सड़कें चौड़ी करना काफी नहीं है, बल्कि समग्र (होलिस्टिक) इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि 2014 में जहां देश के केवल 5 शहरों में मेट्रो चलती थी, वहीं आज 25 शहर आधुनिक मेट्रो सेवा से जुड़ चुके हैं।

युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर

देश की औद्योगिक प्रगति का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 11 गुना और रक्षा (डिफेंस) निर्यात 50 गुना बढ़ गया है। इसके अलावा इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट ने भी नए रिकॉर्ड बनाए हैं। भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन चुका है। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में आई इस तेजी से देश के युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं, जिसमें तमिलनाडु के लोगों ने अहम भूमिका निभाई है।

तमिलनाडु बनेगा ग्लोबल लॉजिस्टिक्स और ग्रीन एनर्जी हब

राज्यों को सशक्त बनाकर देश को मजबूत करने के संकल्प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि शिपिंग सेक्टर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। इस दिशा में केंद्र सरकार द्वारा 17,000 करोड़ रुपये के भारी निवेश से थूथुकुडी में वी. ओ. चिदंबरनार पोर्ट को वर्ल्ड-क्लास मेगा कंटेनर और ग्रीन एनर्जी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद यह पोर्ट दुनिया के सबसे बड़े जहाजों को संभालने में सक्षम होगा, जिससे तमिलनाडु ग्लोबल इंडस्ट्री और ट्रांसपोर्ट का मुख्य केंद्र बनेगा।

Also Read: लालू यादव को देखकर भावुक हुए तेज प्रताप, पिता की सेहत पर जताई चिंता, राबड़ी देवी ने संभाला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.