लालू यादव को देखकर भावुक हुए तेज प्रताप, पिता की सेहत पर जताई चिंता, राबड़ी देवी ने संभाला

Rise and Fall 2: रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में तेज प्रताप यादव का भावुक अंदाज देखने को मिला।

शो के दौरान उन्हें अपने पिता लालू प्रसाद यादव और मां राबड़ी देवी से वीडियो कॉल पर बात करने का मौका मिला।

दोनों को सामने देखकर तेज प्रताप भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस दौरान उन्होंने पिता की सेहत को लेकर भी चिंता जताई।

शो के हालिया एपिसोड में होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने तेज प्रताप की उनके माता-पिता से वीडियो कॉल पर बात कराई।

सहवाग ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से पूछा कि क्या वे शो देख रहे हैं। इस पर दोनों ने हां में जवाब दिया।

माता-पिता को देखकर तेज प्रताप अपने आंसू नहीं रोक पाए। उन्होंने मां राबड़ी देवी से पूछा कि क्या पापा की तबीयत ठीक नहीं है। इस पर राबड़ी देवी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि लालू यादव ठीक हैं।

हालांकि, जब लालू यादव ने माइक लेकर बोलने की कोशिश की, तो उन्हें बोलने में परेशानी होती दिखाई दी। यह देखकर तेज प्रताप की चिंता और बढ़ गई।

स्वरा भास्कर भी हुईं भावुक

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान शो में मौजूद अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी भावुक हो गईं। उन्होंने होस्ट वीरेंद्र सहवाग से अपनी बेटी राबिया की याद आने की बात कही। बेटी से दूर रहने की भावनाओं को साझा करते हुए स्वरा भी रो पड़ीं।

इससे पहले भी तेज प्रताप शो में अपने परिवार और खासकर मां राबड़ी देवी को याद कर भावुक हो चुके हैं। स्वरा भास्कर से बातचीत के दौरान उन्होंने घर लौटने की इच्छा जताते हुए कहा था, “मुझे घर जाना है।”

परिवार से दूरी के बीच चर्चा में तेज प्रताप

तेज प्रताप यादव, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के बड़े बेटे हैं। मई 2025 में लालू यादव ने उन्हें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से छह साल के लिए निष्कासित करने का ऐलान किया था।

उस समय परिवार से भी संबंध तोड़ने की बात सामने आई थी। इसके बाद से तेज प्रताप और यादव परिवार के रिश्ते लगातार चर्चा में रहे हैं।

‘राइज एंड फॉल 2’ में माता-पिता से बातचीत के दौरान तेज प्रताप का भावुक होना एक बार फिर उनके पारिवारिक रिश्तों को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।

Also Read: Himesh Reshammiya के शिष्य विनीत सिंह को मिली शोहरत, फिर क्यों गुमनाम हो गया करियर?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.