मणिपुर में PM मोदी बोले- शांति से ही पूरे होंगे सपने
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर के सभी संगठनों से शांति बनाए रखने की अपील की है। शनिवार को चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि भारत सरकार मणिपुर के लोगों के साथ है और उनके सपनों को पूरा करने में हर संभव मदद करेगी।
पीएम मोदी ने कहा, हाल ही में हिल्स और वैली में अलग-अलग संगठनों के साथ समझौतों पर बातचीत हुई है। यह भारत सरकार के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिसमें हम संवाद, सम्मान और आपसी समझ को महत्व देते हैं। मैं सभी संगठनों से अपील करूंगा कि वे शांति के रास्ते पर आगे बढ़कर अपने सपनों को पूरा करें।
मणिपुर के जज्बे को किया सैल्यूट
भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों के जुटने पर पीएम मोदी ने मणिपुर के लोगों के जज्बे की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मणिपुर के नाम में ही मणि है, जो पूरे पूर्वोत्तर की चमक को बढ़ाएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार मणिपुर को विकास के रास्ते पर तेजी से आगे ले जाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले गांवों में पहुंचना कितना मुश्किल था, लेकिन अब सैकड़ों गांवों में सड़क कनेक्टिविटी पहुंचाई गई है, जिसका फायदा पहाड़ी और आदिवासी लोगों को मिला है।
पीएम मोदी ने बताया कि जीरीबाम-इंफाल रेलवे लाइन बहुत जल्द राजधानी इंफाल को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ देगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य मणिपुर को शांति, समृद्धि और प्रगति (Peace, Prosperity and Progress) का प्रतीक बनाना है।
Also Read: Amethi News: मुठभेड़ में गोकशी की योजना बना रहे दो अपराधी गिरफ्तार

