PM Modi’s Announcement In France: फ्रांस में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, भारत में खुलेंगे 120 नए हवाई अड्डे, निवेशकों को आमंत्रण
PM Modi’s Announcement In France: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में भारतीय विकास गाथा को रेखांकित करते हुए निवेशकों को भारत आने का खुला निमंत्रण दिया। पेरिस में आयोजित ‘भारत-फ्रांस सीईओ फोरम’ में पीएम मोदी ने कहा कि भारत इस समय वैश्विक निवेश का सबसे उपयुक्त स्थान बन चुका है। उन्होंने बताया कि भारत में 120 नए हवाई अड्डों के निर्माण की योजना है, जो देश की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति को और तेज करेगा।
भारत-फ्रांस संबंधों का नया दौर
इस महत्वपूर्ण बैठक में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने भारत-फ्रांस के बढ़ते आर्थिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी पर जोर देते हुए कहा, “भारत और फ्रांस की कुशलता जब एक साथ आएगी, तो न केवल व्यापार का परिदृश्य बदलेगा, बल्कि वैश्विक परिवर्तन भी देखने को मिलेगा।”
उन्होंने बताया कि भारत की स्थिर राजनीतिक व्यवस्था और पूर्वानुमानित नीतियां इसे दुनिया का सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य बना रही हैं। साथ ही, उन्होंने एयरोस्पेस, रक्षा, बंदरगाह, इलेक्ट्रॉनिक्स और डेयरी सेक्टर में निवेश के व्यापक अवसरों की ओर भी इशारा किया।
तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “पिछले दशक में भारत ने तेज़ी से आर्थिक प्रगति की है। आज हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं और जल्द ही तीसरे स्थान पर होंगे।” उन्होंने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, युवा शक्ति और नवाचार को देश की सबसे बड़ी ताकत बताया।
विदेश मंत्री जयशंकर ने भी किया संबोधित
इस बैठक में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के अलावा, फ्रांस के यूरोप एवं विदेश मामलों के मंत्री जीन नोइल बैरो और अर्थव्यवस्था मंत्री एरिक लोम्बार्ड ने भी भाग लिया। बैठक में रक्षा, एयरोस्पेस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोटेक्नोलॉजी और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में सहयोग को लेकर चर्चा हुई। बता दे, भारत-फ्रांस की यह साझेदारी आने वाले वर्षों में दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को और मजबूती प्रदान करेगी और निवेशकों के लिए नए अवसर खोलेगी।
Also Read: फ्रांस जाते समय पाकिस्तान में घुसा पीएम मोदी का विमान, 46 मिनट तक इस्लामाबाद में मचा हड़कंप

