पटना में भड़का छात्रों का गुस्सा, NEET-UG पेपर लीक को लेकर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने भांजी लाठियां
Sandesh Wahak Digital Desk: देश में NEET-UG पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब राजधानी दिल्ली से निकलकर अन्य राज्यों में भी फैल गया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्रों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को बिहार की राजधानी पटना में वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उग्र हुए प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, पानी की बौछारें (वाटर कैनन) छोड़ीं और आंसू गैस के गोले दागे। जवाब में प्रदर्शनकारियों की ओर से हुए पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है।
दिल्ली में हिंसक झड़प के बाद 100 से अधिक घायल
उल्लेखनीय है कि सोमवार को दिल्ली में सीजेपी और छात्रों के संसद चलो मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक भिड़ंत हो गई थी। इस दौरान दोनों ओर से हुए पथराव और लाठीचार्ज में पुलिसकर्मियों तथा छात्रों समेत 100 से अधिक लोग जख्मी हुए थे, जिन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया था। पहले दिन की हिंसा और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए हालांकि छात्रों ने मंगलवार को संसद मार्च टाल दिया था, लेकिन बुधवार को इस मुद्दे की गूंज देश के अलग-अलग हिस्सों में सुनाई दी।
दिल्ली-एनसीआर में सीजेपी और युवा कांग्रेस के जारी विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। लुटियंस दिल्ली, कनॉट प्लेस, रफी मार्ग, जंतर-मंतर और संसद मार्ग जैसे बेहद संवेदनशील इलाकों में मल्टी-लेयर सुरक्षा और मल्टी-लेवल बैरिकेडिंग की गई है। शहर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और दंगा-रोधी इकाइयों को मुस्तैद रखा गया है। सुरक्षा कारणों से राजीव चौक समेत कुल 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश व निकास द्वार अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।
Also Read: हार्दिक पंड्या की भूमिका निभाने का दबाव? नीतीश रेड्डी की चोट के बाद BCCI CoE पर उठे सवाल

