Lucknow News: न्याय के लिए सड़क जाम करना पड़ा भारी, पुलिस ने 250 अज्ञात प्रदर्शनकारियों पर दर्ज किया केस
Lucknow News: पुरानी रंजिश को लेकर डाले से कुचलकर अधेड़ किसान की हत्या कर दी गयी थी। हत्या से आक्रोशित परिजनों, ग्रामीणों व विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने न्याय की मांग को लेकर सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन किया था। अब वही धरना प्रदर्शन करना करीब ढ़ाई सौ लोगों को महंगा पड़ गया है। पुलिस ने ढ़ाई सौ अज्ञात लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एक सप्ताह पूर्व 28 सितम्बर देर शाम करीब साढ़े 8 बजे मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कसमंड़ीकलां के मोहल्ला कुम्हारन टोला निवासी अधेड़ किसान श्यामलाल (55) की पुरानी रंजिश को लेकर यहीं के निवासी फरजान ने डाले से कुचलकर हत्या कर दी थी। जिसकी रिपोर्ट मृतक किसान के पुत्र ने फरजान, डाक्टर शकील व अकील पर हत्या, हत्या का प्रयास, हत्या की साजिश रचने सहित गंभीर धाराओं में दर्ज कराई थी।
विभिन्न संगठनों के साथ परिजनों व ग्रामीणों ने किया था प्रदर्शन
घटना के दूसरे दिन मंगलवार को जब पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियों का एनकाउंटर, घरों पर बुलडोजर कार्यवाही की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू किया था। जिसका समर्थन करने के लिये लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी सैकड़ों समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गिरफ्तारी की मांग, जमीन का पट्टा, सरकारी नौकरी व आर्थिक सहायता दिये जानें की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर परिजनों ने शव का अन्तिम संस्कार करने से मना कर दिया था। तीसरे दिन बुधवार को सुहेलदेव के योगेश पासी ने भी परिवार को न्याय दिया जाये इसकी मांग को लेकर सैकड़ों लोगों के साथ धरना प्रदर्शन किया था।
पुलिस की जद में धरना प्रदर्शन करने वाले ढ़ाई सौ लोग
मलिहाबाद पुलिस ने करीब 200-250 अज्ञात लोगों पर सार्वजनिक मार्ग जाम कर आवागमन अवरुद्ध करना, धरना प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था प्रभावित करना सहित कई अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब मलिहाबाद पुलिस वीडियो ग्राफी की मदद से उनकी शिनाख्त कर उनपर कार्यवाही करने में जुट गयी है।
रिपोर्ट- सुरेन्द्र कुमार
Also Read: सीट शेयरिंग से पहले सहयोगी दलों को अखिलेश यादव का संदेश, बोले- बात सीटों की नहीं, जीत की है

