अखिलेश यादव तक पहुंची गोरखपुर थप्पड़ की गूंज, पूरी जिला और महानगर कार्यकारिणी भंग

Lucknow News: गोरखपुर प्रेस क्लब में शनिवार को समाजवादी पार्टी की पत्रकार वार्ता के दौरान नेताओं के बीच हुई मारपीट की घटना को सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बेहद गंभीरता से लिया है। अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए अखिलेश यादव ने गोरखपुर की पूरी जिला और महानगर कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इसके साथ ही जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और पार्टी के सभी अग्रिम (फ्रंटल) संगठनों व विंग्स के पदाधिकारियों को पद से हटा दिया गया है।

कुर्सी को लेकर शुरू हुई थी रार

उल्लेखनीय है कि शनिवार दोपहर करीब 3 बजे सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ (2 से 8 अक्टूबर) अभियान की जानकारी देने के लिए गोरखपुर प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। इसी दौरान गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार अंशुमान सिंह अपने समर्थकों संग पहुंचे और भरे सभागार में बैठने की जगह को लेकर पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई।

थप्पड़बाजी और अवैध असलहों का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अंशुमान सिंह के बेटे कमलेश सिंह ने नगीना साहनी को थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। वरिष्ठ नेताओं ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में नगीना साहनी ने विरोधियों पर बदसलूकी और अवैध असलहे लहराने का आरोप लगाया है, जबकि अंशुमान सिंह ने इसे छवि खराब करने की राजनीतिक साजिश करार दिया है। अनुशासनहीनता का वीडियो सामने आने के बाद ही शीर्ष नेतृत्व ने यह कठोर कार्रवाई की।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.