बांग्लादेश में गहराया सियासी संकट, मोहम्मद यूनुस ने दिए इस्तीफे के संकेत
ढाका: बांग्लादेश इन दिनों गंभीर राजनीतिक उथल-पुथल से जूझ रहा है। अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने देश के हालात को लेकर गहरी चिंता जाहिर की है और अपने पद से इस्तीफा देने के संकेत दिए हैं। ढाका में एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में उन्होंने दो टूक कहा कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में काम करना उनके लिए अब असंभव होता जा रहा है।
यूनुस का यह बयान केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे राजनीतिक सिस्टम की असफलता को उजागर करता है। उन्होंने यह भी कहा, मैं खुद को बंधक जैसा महसूस कर रहा हूं। इस वक्तव्य ने देश की अस्थिर स्थिति पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। मामला तब और बिगड़ गया जब यह सामने आया कि यूनुस सरकार ने अमेरिका के साथ मिलकर म्यांमार सीमा पर एक मानवीय गलियारा स्थापित करने की योजना तैयार की थी। यह समझौता गुप्त रूप से किया गया, जिससे सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान बेहद नाराज हो गए।
सेना प्रमुख ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि देश में दिसंबर तक हर हाल में आम चुनाव कराए जाएं। इस चेतावनी से साफ है कि सेना और सरकार के बीच गहरा मतभेद पैदा हो चुका है, जो देश की स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। यूनुस की अंतरिम सरकार पर न केवल राजनीतिक दलों बल्कि छात्र संगठनों और आम जनता का भी दबाव लगातार बढ़ रहा है। विपक्षी पार्टियों ने इस साल के अंत तक चुनाव कराने की मांग को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।
Also Read: यूएई में बोलीं बांसुरी स्वराज, सिंदूर अब न्याय और शक्ति का प्रतीक बन गया है

