Ayodhya News: रामलला के दरबार पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, बोले- राम हमारे आदर्श
Ayodhya News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह गुरुवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। एयरपोर्ट पर उतरते ही उनके तेवर भक्ति और राजनीति के अनूठे संगम के रूप में दिखाई दिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि प्रभु राम में उनकी अटूट आस्था है, लेकिन भाजपा ने राम के नाम को केवल अपनी झूठी कहानियों और छलावे का जरिया बना लिया है।
मीडिया से रूबरू होते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह रामलला के चरणों में सिर झुकाकर सोनिया गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और कांग्रेस पार्टी की मजबूती की कामना करेंगे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कभी भी राम मंदिर की विरोधी नहीं रही है।
महंगाई पर जनता को किया आगाह
राजनीतिक चर्चा को आम आदमी के मुद्दों की ओर मोड़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की किल्लत बढ़ती जा रही है। उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा, आने वाले दिनों में मुश्किलें और बढ़ेंगी, इसलिए झूठ बोलने वालों (भाजपा) से सावधान रहें। प्रधानमंत्री मोदी केवल वोट की राजनीति करते हैं, उन्हें जनता के भले से कोई सरोकार नहीं है।
जब कांग्रेस मजबूत होगी, तभी पहनूंगा माला
एयरपोर्ट के बाहर स्वागत के लिए खड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच एक भावुक पल भी आया। दिग्विजय सिंह ने समर्थकों से गुलदस्ते तो लिए, लेकिन फूलों की माला पहनने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जोश दिलाते हुए कहा, पहले कांग्रेस को मजबूत करो, माला मैं तभी पहनूंगा।
राम मंदिर के लिए दिया था सवा लाख का दान
दिग्विजय सिंह ने अपनी रामभक्ति को राजनीति से अलग बताते हुए याद दिलाया कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए 1,11,111 रुपये की निधि समर्पित की थी। अयोध्या यात्रा के दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी और कनक भवन में भी माथा टेका और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की।
Also Read: ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ी रार, 100 डालर के पार पहुंचा कच्चा तेल

