बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे प्रशांत किशोर, बताई ये बड़ी वजह
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव में राघोपुर सीट एक बार फिर सुर्खियों में है। यह वही सीट है जहां से पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नामांकन दाखिल करने वाले हैं। लंबे समय से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि जन सुराज अभियान के मुखिया प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) भी इसी सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि, अब प्रशांत किशोर ने इन सभी कयासों पर विराम लगा दिया है और साफ कर दिया है कि वह इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
4-5 दिन का नुकसान होगा
एक समाचार एजेंसी से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जन सुराज अभियान को आगे बढ़ाना है, न कि व्यक्तिगत चुनाव लड़ना। उन्होंने कहा, पार्टी ने फैसला लिया है कि मेरे पास पहले से जो काम है, अगर मैं उसे पूरी तरह कर लूं तो यही काफी होगा। अगर मैं चुनाव लड़ने जाऊंगा तो 4-5 दिन का नुकसान होगा, जिससे जन सुराज के कई प्रत्याशियों को नुकसान हो सकता है। इसलिए पार्टी के हित में मुझे वही काम जारी रखने की जिम्मेदारी दी गई है जो मैं कर रहा हूं।”

राघोपुर से चंचल सिंह को मैदान में उतारा
प्रशांत किशोर ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि जन सुराज की ओर से राघोपुर सीट से चंचल सिंह चुनावी मैदान में उतरेंगे। इससे यह साफ हो गया है कि राघोपुर में सीधा मुकाबला तेजस्वी यादव और जन सुराज प्रत्याशी चंचल सिंह के बीच होगा। प्रशांत किशोर ने बीते दिन ही चंचल सिंह को राघोपुर सीट का सिंबल (चुनाव चिन्ह) सौंपा, जिससे इस अटकल का भी अंत हो गया कि वे खुद इस सीट से नामांकन करेंगे।
हॉट सीट बनी राघोपुर
आपको बताते चलें कि राघोपुर विधानसभा सीट को बिहार की सबसे हॉट सीटों में से एक माना जा रहा है। तेजस्वी यादव यहां से तीसरी बार मैदान में उतर रहे हैं। पिछली बार उन्होंने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सीट पर मुकाबला सख्त होने वाला है, क्योंकि जन सुराज का संगठन पिछले कई महीनों से ग्रामीण इलाकों में सक्रिय है।
वहीं पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा भी थी कि तेजस्वी यादव इस बार किसी दूसरी सीट, संभवतः मधुबनी जिले की फुलपरास विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, अब स्थिति स्पष्ट है कि वे फिर से राघोपुर से ही अपनी किस्मत आजमाएंगे।
Also Read: सुप्रीम कोर्ट का दिवाली गिफ्ट: दिल्ली-एनसीआर में ग्रीन पटाखों पर लगी रोक हटी

