Prayagraj News: मांडा में गंगा नहाने गए 4 बच्चे डूबे, 2 के शव बरामद, गांव में मचा कोहराम
Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज के मांडा इलाके से शनिवार सुबह एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बादपुर गंगा घाट पर नहाने गए सात बच्चों में से चार गहरे पानी में समा गए। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। मांडा के बामपुर दलित बस्ती के रहने वाले सात बच्चे एक साथ गंगा नदी में नहाने के लिए उतरे थे। बच्चे किनारे पर खेल-खेल में नहा रहे थे कि तभी अचानक चार बच्चे गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। बाकी बच्चों को डूबता देख किनारे पर मौजूद मछुआरों ने बिना वक्त गंवाए नदी में छलांग लगा दी। उनकी तत्परता की वजह से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अफ़सोस कि वे बाकी चार बच्चों को नहीं बचा सके।
गोताखोर कर रहे हैं रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही मांडा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन ने गोताखोरों और रेस्क्यू टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने दो बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं, दो अन्य बच्चों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है, जिनकी तलाश के लिए नदी के तेज बहाव और गहराई के बावजूद लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Also Read: रो रही थी बेटी तो कलयुगी मां ने घोंट दिया पांच माह की मासूम का गला

