रो रही थी बेटी तो कलयुगी मां ने घोंट दिया पांच माह की मासूम का गला

Sandesh Wahak Digital Desk: आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपनी ही पांच महीने की मासूम बेटी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मां ने बेटी को नौ महीने तक पेट में और पांच महीने तक गोद में रखा, लेकिन अचानक उसके रोने से गुस्से में आकर उसने ऐसा कदम उठा लिया जिसने ममता को शर्मसार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मां को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।

बच्ची का मुंह दबाकर ली जान

यह घटना तिरुपति जिले के सत्यवेदु मंडल के एनआर अग्रहारम इलाके की है। यहां रहने वाले वेंकटेश और हेमावती की शादी सात साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। एक पांच साल का बेटा और एक पांच महीने की बेटी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। इसी बीच एक दिन पांच महीने की बच्ची जोर-जोर से रोने लगी, जिससे मां हेमावती गुस्से में आ गई।

गुस्से में आई मां ने बच्ची को चुप कराने के लिए ऐसा कदम उठाया जिसने इंसानियत को झकझोर दिया। उसने बच्ची की नाक और मुंह दबा दिया, जिससे कुछ ही सेकंड में उसकी सांसें थम गईं। मासूम की दम घुटने से मौत हो गई और घर में चीख-पुकार मच गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में लिया

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मां को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी मां ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस घटना के सामने आने के बाद हर कोई हैरान और स्तब्ध नजर आ रहा है।

 

Also Read: अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं के लिए यूपी में बनेंगे 6 आधुनिक हॉस्टल, 6.15 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.