लखनऊ में कुत्ता भौंका तो गार्ड ने मार दी गोली, बाइक रोककर राइफल से की फायरिंग
Lucknow News: लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने राइफल से कुत्ते को गोली मार दी। गोली लगने के बाद कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। मामले में एक एनजीओ ने थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना सुबह करीब 6:30 बजे राजाजीपुरम स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल के पास की बताई जा रही है। CCTV फुटेज में एक युवक बाइक से आता दिखाई देता है। उसने नीली वर्दी और हेलमेट पहन रखा है। उसके पहनावे से वह गार्ड जैसा नजर आ रहा है। उसके कंधे पर राइफल भी टंगी थी।
कुत्तों के भौंकने पर रुका युवक
CCTV में दिखाई देता है कि युवक के पास से गुजरने पर तीन कुत्ते उस पर भौंकने लगते हैं। इसके बाद युवक बाइक रोक देता है और नीचे उतरकर सड़क पर खड़ा हो जाता है।
फिर वह अपनी जेब में हाथ डालकर एक गोली निकालता है और उसे राइफल में डालता है। इसी दौरान कुत्ते भौंकते हुए युवक की दूसरी तरफ आ जाते हैं। तभी युवक एक कुत्ते पर फायर कर देता है।
गोली लगते ही कुत्ता वहीं गिर जाता है और उसकी मौके पर ही मौत हो जाती है। इसके बाद युवक अपनी बाइक पर बैठता है और वहां से चला जाता है। घटना के दौरान सड़क से कई राहगीर भी गुजरते हुए CCTV में दिखाई दे रहे हैं।
CCTV से आरोपी की पहचान करेगी पुलिस
मामले में एनजीओ की शिकायत के बाद तालकटोरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। तालकटोरा थाने के इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की जाएगी और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी है।
Also Read: सुल्तानपुर में तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत, 3 की हालत गंभीर

