जनगणना 2027 की तैयारी तेज, अब हर गांव-शहर की सुविधाओं का तैयार होगा पूरा रिकॉर्ड

UP News: भारत की जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) तैयार करने के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों को ग्राम और नगर निर्देशिका तैयार करने की प्रक्रिया तथा समयबद्ध कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

हर गांव और शहर की मूलभूत सुविधाओं का होगा रिकॉर्ड

बैठक में बताया गया कि जिले में 22 मई से 20 जून 2026 तक पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। अब अगले चरण में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ग्राम निर्देशिका और शहरी क्षेत्रों के लिए नगर निर्देशिका तैयार की जाएगी।

इन निर्देशिकाओं में प्रत्येक गांव और शहर की शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, संचार, परिवहन और संपर्क मार्ग जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत विवरण दर्ज किया जाएगा। साथ ही प्राथमिक विद्यालय, अस्पताल, रेलवे स्टेशन और अन्य जरूरी सेवाओं की उपलब्धता तथा उनकी दूरी का भी रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

17 जुलाई से शुरू होगा तहसील स्तर का प्रशिक्षण

अधिकारियों को बताया गया कि 17 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक तहसील स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद शासन की तय समयसीमा के अनुसार 16 अगस्त से 15 सितंबर 2026 के बीच ग्राम और नगर निर्देशिका तैयार करने का कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, उपनिदेशक एवं सहमंडल प्रभारी संजय कुमार, जिला जनगणना प्रभारी नागेंद्र यादव, जनगणना सहायक गया मिश्रा, जनगणना सेल के बृजेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read : लखनऊ के जन्नत बार फायरिंग केस का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तमंचे के साथ पुलिस ने दबोचा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.