बिहार चुनाव में प्रियंका गांधी की एंट्री, सोनबरसा में नीतीश-मोदी गठबंधन पर कसा तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव में अब मुकाबला और दिलचस्प होता जा रहा है। एनडीए ने जहां अपने सभी दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार दिया है, वहीं महागठबंधन ने भी चुनावी रण में पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बाद अब प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) भी प्रचार की कमान संभाल चुकी हैं। सोमवार को उन्होंने बिहार के सोनबरसा में एक चुनावी सभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने बेरोजगारी, पलायन और महंगाई जैसे मुद्दों पर नीतीश-मोदी गठबंधन पर तीखा हमला बोला।
बिहार से कश्मीर-कन्याकुमारी तक पलायन का दर्द
प्रियंका गांधी ने अपनी रैली में कहा कि बिहार के लोग आज भी पूरे देश में रोज़गार की तलाश में भटक रहे हैं। उन्होंने कहा, बिहार के लोग कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक काम करने जाते हैं। वे अपने परिवारों से सिर्फ त्योहारों में ही मिल पाते हैं, क्योंकि बिहार में न तो काम है और न ही खेती में कोई बची हुई कमाई।
प्रियंका ने कहा कि खेती से किसान कुछ नहीं कमा पा रहे हैं, हर चीज़ महंगी हो गई है और युवाओं के पास रोज़गार नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि, जब न सुरक्षा है, न रोजगार है, तो नीतीश-मोदी की सरकार ने बीते 20 सालों में आखिर किया क्या है?

“नोटबंदी ने तोड़ी छोटे कारोबारियों की रीढ़”
प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी ने छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया, जबकि आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दीं। इन्होंने छोटे कारोबारियों के लिए कुछ नहीं किया, उल्टा नोटबंदी से उनकी रोज़ी-रोटी छीन ली।
युवाओं के लिए परीक्षा कैलेंडर का वादा
वहीं प्रियंका गांधी ने युवाओं की बेरोजगारी का मुद्दा जोरशोर से उठाया। उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी, तो सबसे पहले परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाएगा। उसमें साफ लिखा होगा कि परीक्षा कब होगी, रिजल्ट कब आएगा और नौकरी कब मिलेगी। अगर कोई अधिकारी इसका पालन नहीं करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
“दोस्तों के लोन माफ, किसानों के लिए कुछ नहीं”
प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में पीएम मोदी और उनके सहयोगियों पर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, मोदी जी अपने दोस्तों को बिहार की जमीन एक-एक रुपये में दे रहे हैं। जब आम आदमी जमीन लेता है, तो उसे लोन, फाइल और दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। लेकिन अदानी-अंबानी को सब कुछ आसानी से मिल जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार अमीरों के लोन माफ कर रही है, लेकिन किसानों और आम जनता के लिए कोई राहत नहीं है।
पैसे लें, लेकिन सोचकर वोट दें
प्रियंका गांधी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि चुनाव से पहले जो पैसे या सुविधाएं दी जा रही हैं, उन्हें जनता लेने से न हिचके, लेकिन वोट सोच-समझकर दे। आपको जो 10 हजार रुपये या कोई और चीज़ दी जा रही है, ले लीजिए। लेकिन अपने बच्चों का भविष्य याद रखिए। वोट अच्छे बिहार और बेहतर कल के लिए करें।
Also Read: Bahraich News: कैसरगंज में 48 घंटे के भीतर लूटी गई कार के साथ चार लुटेरे गिरफ्तार

