यूपी में महा-पौधरोपण अभियान: 2600 से अधिक नर्सरियों में 57.62 करोड़ पौधे तैयार, 12 जुलाई को रचेगा इतिहास
Lucknow News: उत्तर प्रदेश को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को पूरा करने के लिए योगी सरकार एक बार फिर इतिहास रचने जा रही है। आगामी 12 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाले पौधरोपण महायज्ञ और अन्य विशेष आयोजनों के लिए वन विभाग ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस विशाल अभियान के तहत राज्य भर में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश की 2,600 से अधिक सरकारी और निजी नर्सरियों में कुल 57.62 करोड़ पौधे पूरी तरह तैयार किए जा चुके हैं, जिनका जनपदों और मंडलों में वितरण शुरू हो गया है।
किस विभाग की नर्सरी में कितने पौधे हुए तैयार
इस महाअभियान के लिए अलग-अलग विभागों और निजी पौधशालाओं ने अपनी तरफ से भारी मात्रा में पौधे तैयार किए हैं।
वन विभाग: कुल 1,939 नर्सरियों में सर्वाधिक 52.46 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं, जिसमें 12.68 करोड़ पुराने पौधे और 39.78 करोड़ नई उगान शामिल है।
उद्यान विभाग: यहाँ की 146 नर्सरियों में 1.55 करोड़ पौधे तैयार हुए हैं।
रेशम विभाग: विभाग की 55 पौधशालाओं में 44 लाख पौधों को तैयार किया गया है।
निजी पौधशालाएं: राज्य की 499 निजी नर्सरियों में भी 3.17 करोड़ पौधे इस महायज्ञ के लिए तैयार हैं।
वन विभाग लगाएगा सर्वाधिक पौधे
केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभाग मिलकर इस साल हरित क्रांति की नई इबारत लिखेंगे। नोडल एजेंसी के तौर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग अकेले सबसे ज्यादा 15.50 करोड़ पौधों का रोपण करेगा। इसके बाद ग्राम्य विकास विभाग को 10 करोड़ और कृषि विभाग को 3.25 करोड़ पौधे लगाने का जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा उद्यान विभाग 1.50 करोड़, पंचायती राज विभाग 1.22 करोड़ और राजस्व विभाग 1 करोड़ पौधे रोपेगा। राज्य सरकार के इस पुनीत कार्य में केंद्र सरकार के विभाग भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, जिसके तहत रेलवे 12 लाख और रक्षा मंत्रालय 7 लाख पौधे रोपित करेगा।
अन्य प्रमुख विभागों के पौधरोपण लक्ष्य की सूची
नगर विकास: 45 लाख पौधे
जलशक्ति विभाग: 23 लाख पौधे
उच्च शिक्षा: 20 लाख पौधे
चिकित्सा, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण: 16 लाख पौधे
पशुपालन: 15 लाख पौधे
रेशम एवं लोक निर्माण विभाग: 14-14 लाख पौधे
बेसिक शिक्षा, एमएसएमई व रेलवे: 12-12 लाख पौधे
माध्यमिक शिक्षा: 11 लाख पौधे
अवस्थापना व औद्योगिक विकास और गृह विभाग: 10-10 लाख पौधे
ऊर्जा, सहकारिता, आवास व शहरी नियोजन: 6-6 लाख पौधे
प्राविधिक शिक्षा: 5 लाख पौधे
श्रम विभाग: 4 लाख पौधे
परिवहन विभाग: 3 लाख पौधे
मुख्य वन संरक्षक (प्रचार/प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया, पौधरोपण महायज्ञ-2026 को लेकर हमारी नर्सरियों में 57.62 करोड़ पौधे पूरी तरह तैयार हैं। 12 जुलाई को होने वाले इस भव्य उत्सव के लिए मंडल, जनपद और विभागवार स्तर पर निरंतर पौधों की सप्लाई की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, जनसहभागिता और सभी विभागों के आपसी समन्वय से यह महायज्ञ इस बार बेहद अभूतपूर्व और सफल साबित होगा।
Also Read: ED का TMC पर बड़ा एक्शन, 440 करोड़ वाले 3 बैंक खातों के लेन-देन पर रोक

