अमित शाह पर राहुल गांधी के आरोप से मचा बवाल, BJP ने जताई आपत्ति, समर्थन में आए अखिलेश

Parliament Monsoon Session: संसद के मॉनसून सत्र में पेपर लीक और दिल्ली में छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। बुधवार को लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर जोरदार हंगामा हुआ। राहुल गांधी ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए। उनके बयान के बाद भाजपा सांसदों ने कड़ा विरोध जताया और उनसे माफी की मांग की।

अमित शाह पर लगाए गंभीर आरोप 

‘लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026’ पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों ने डर का सामना करते हुए सरकार से सवाल पूछने का साहस दिखाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश गृह मंत्री अमित शाह ने दिए थे। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि गृह मंत्री सदन में मौजूद नहीं हैं क्योंकि वह डरे हुए हैं।

इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि उन्होंने इतने गंभीर आरोप किस आधार पर लगाए हैं। यदि उनके पास कोई प्रमाण नहीं है तो उन्हें सदन से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा के कई सांसदों ने भी राहुल गांधी के शब्दों को लोकसभा की कार्यवाही से हटाने की मांग की।

अखिलेश यादव ने किया बचाव 

हंगामा बढ़ने पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव राहुल गांधी के समर्थन में खड़े हुए। उन्होंने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष ने इतना गंभीर आरोप लगाया है तो सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का आदेश किसने दिया था। उनका कहना था कि यदि आदेश गृह मंत्री ने नहीं दिया तो सरकार बताए कि जिम्मेदार कौन था।

सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के कारण सदन में लंबे समय तक गतिरोध बना रहा और आखिरकार लोकसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।

राहुल गांधी

Also Read: सुप्रीम कोर्ट ने कोयला ब्लॉक आवंटन केस में पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह को किया दोषमुक्त 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.