राहुल गांधी ने पीएम मोदी और अमित शाह पर दिया विवादित बयान, लगाया आर्थिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता को गुमराह करके देश के संसाधनों के साथ समझौता किया जा रहा है। राहुल गांधी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी और अमित शाह को गद्दार तक कह दिया।

राहुल गांधी ने ईंधन की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चुनाव से पहले जनता को भरोसा दिया गया था कि देश में पेट्रोल और गैस की कोई किल्लत नहीं होगी और न ही इनके दाम बढ़ाए जाएंगे। लेकिन आज हकीकत सबके सामने है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस से कच्चा तेल खरीदकर उसे विदेशों में भेजा जा रहा है और इस पूरे खेल से होने वाले मुनाफे का एक बड़ा हिस्सा राजनीतिक फंडिंग के रूप में इस्तेमाल हो रहा है।

प्रधानमंत्री के बयानों पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री के हालिया सुझावों पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ देश की जनता से सोना न खरीदने, विदेश यात्राओं से बचने और इलेक्ट्रिक गाड़ियां अपनाने की अपील की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री खुद हजारों करोड़ रुपये के आलीशान विमानों से विदेशी दौरों पर जा रहे हैं। राहुल गांधी ने आगाह किया कि आने वाले कुछ महीनों में देश में खाद का संकट गहरा सकता है और दाल, चावल, तेल, गैस व डीजल की कीमतें आसमान छूने वाली हैं, जिससे मध्यम वर्ग और किसानों की कमर टूट जाएगी।

देश में आर्थिक तूफान आने की चेतावनी

आर्थिक मोर्चे पर सरकार को पूरी तरह विफल बताते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि देश की अर्थव्यवस्था को चुनिंदा उद्योगपतियों और विदेशी ताकतों के हाथों में सौंप दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि भारत जल्द ही एक बड़े आर्थिक संकट (आर्थिक तूफान) की जद में आने वाला है, जिससे निपटने में मौजूदा सरकार पूरी तरह अक्षम साबित होगी। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान को कमजोर करने का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि देश के मौजूदा हालातों के लिए यही शक्तियां पूरी तरह जिम्मेदार हैं।

Also Read: पीएम मोदी ने इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को दी खास टॉफी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.