ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ सिद्धार्थनगर में केमिस्टों का हल्लाबोल, बंद रहीं मेडिकल की दुकानें, ई-फार्मेसी पर रोक की मांग
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी के बढ़ते चलन के विरोध में दवा व्यापारियों ने अपनी ताकत दिखाई। दवा विक्रेता समिति सिद्धार्थनगर के आह्वान पर जिले के अधिकांश मेडिकल स्टोर बुधवार को पूरी तरह बंद रहे। यह एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स और राज्य संगठन के समर्थन में की गई, जिसका व्यापक असर स्थानीय बाजारों में देखने को मिला।
दवा विक्रेताओं ने एकजुट होकर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि इंटरनेट और क्विक कॉमर्स कंपनियों के जरिए बिना कड़े नियमों के हो रही दवाओं की अंधाधुंध बिक्री पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए।

नियमों के उल्लंघन का आरोप
समिति के जिला अध्यक्ष मोहम्मद जमील सिद्दीकी ने ऑनलाइन कंपनियों के कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 और नियमावली 1945 के भीतर ऑनलाइन दवा बेचने का कोई साफ कानून नहीं है। इसके बावजूद बड़ी कंपनियां बिना डॉक्टर के सही पर्चे (ई-प्रिस्क्रिप्शन) और चिकित्सकीय परामर्श के मनमाने ढंग से दवाएं डिलीवर कर रही हैं। भारी छूट का लालच देकर की जा रही यह बिक्री मरीजों की जान के लिए बड़ा जोखिम बन चुकी है। इस अवैध होड़ के कारण सालों से लाइसेंस लेकर दुकान चला रहे छोटे केमिस्टों के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

विरोध प्रदर्शन में जुटे कई प्रमुख पदाधिकारी
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कोरोना काल के दौरान जारी की गई अधिसूचना GSR 220(E) का ये ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स अब गलत फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि दवा वितरण की व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए बिना सत्यापन वाली पर्चियों पर रोक लगाई जाए और विवादित सरकारी नियमों (GSR 817-E व 220-E) को फौरन वापस लिया जाए। उन्होंने याद दिलाया कि कोविड महामारी के दौर में इन छोटे दुकानदारों ने ही अपनी जान जोखिम में डालकर स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रखा था।

इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महासचिव मनोज कुमार जायसवाल, नगर अध्यक्ष अनिरुद्ध राय, नगर महासचिव मोज़िबुल्लाह, मुर्तजा खान, अशफाकुल्लाह और नगर कोषाध्यक्ष अखिलेश यादव सहित बड़ी संख्या में केमिस्ट और दवा व्यवसायी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान

