हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मिले राहुल गांधी, सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार सुबह फतेहपुर पहुंचकर हाल ही में भीड़ का शिकार हुए हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को कथित तौर पर डराने और न्याय में बाधा डालने को लेकर सरकार पर तीखा निशाना साधा।

दरअसल, रायबरेली के ऊंचाहार में 2 अक्टूबर को भीड़ ने हरिओम वाल्मीकि को चोर समझकर पीट-पीटकर मार डाला था। हरिओम फतेहपुर के तुराब अली का पुरवा के रहने वाले थे।

शुरुआत में परिवार ने किया इनकार

राहुल गांधी के फतेहपुर पहुंचने पर शुरुआती दौर में हरिओम वाल्मीकि के परिवार ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते पुलिस ने राहुल गांधी के काफिले को कुछ देर के लिए रोक लिया था। हालांकि, बाद में परिवार के हामी भरने के बाद प्रशासन ने मुलाकात की अनुमति दी। राहुल गांधी ने परिवार के सदस्यों से काफी देर तक बातचीत की।

सरकार पर लगाया डराने का आरोप

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार के प्रति एकजुटता जाहिर की और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा “कुछ दिन पहले दलित अफसर ने आत्महत्या की थी। मैं वहां गया और आज मैं यहां आया हूं। अपराध इस परिवार ने नहीं किया, अपराध इनके खिलाफ किया गया है और लग ऐसा रहा है कि ये लोग अपराधी हैं। इन्हें घर में बंद कर रखा है, इन्हें डराया जा रहा है।”

राहुल गांधी ने कहा कि परिवार सिर्फ न्याय मांग रहा है। “हमारे बेटे, हमारे भाई को मारा गया है। उसकी हत्या की गई है। हम केवल न्याय मांग रहे हैं।” राहुल गांधी ने जोर दिया कि यह परिवार न्याय का हकदार है और उन्हें डराने-धमकाने की कार्रवाई बंद होनी चाहिए।

Also Read: सीतापुर में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित एम्बुलेंस पलटी, चार लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.