राहुल गांधी का केंद्र पर तीखा हमला, बोले- अभिव्यक्ति की आवाज नहीं दबा सकती सरकार

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नींद उड़ी हुई है, जिसके पीछे कई प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कारण हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के जिन रणनीतिकारों को चाणक्य कहा जाता था, वे भी काफी समय तक संसद से दूरी बनाए रहे।

कायरता के डर को तोड़ना होगा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि अब इस सरकार को यह भली-भांति समझ आ चुका है कि भारत की जनता को अपनी बात रखने से नहीं रोका जा सकता। उन्होंने कहा कि आज देश में बहुत से लोग एक खास दबाव और डर के कारण संकोच कर रहे हैं, लेकिन भारत की असली शक्ति अभिव्यक्ति की आजादी में है। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि आज के आधुनिक भारत को समझने के लिए जमीनी हकीकत और आम नागरिकों की पीड़ा को समझना बेहद जरूरी है।

जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन और एक पीड़ित महिला से मुलाकात का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि छात्र अपनी समस्याओं को लेकर अपनी आवाज उठाना चाहते हैं, लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था उन्हें अव्यवस्था का हवाला देकर रोक देती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उत्तराखंड में चार साल पहले दुष्कर्म का शिकार हुई बेटी की मां न्याय और अपनी बात रखने की गुहार लगा रही है, लेकिन व्यवस्था उसे भी बोलने की इजाजत नहीं दे रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की राजनीतिक सोच कुछ खास लोगों को फायदा पहुंचाने की है, जबकि विपक्ष का काम देश की जनता को अपनी बात कहने का लोकतांत्रिक अधिकार दिलाना है।

Also Read: टीम इंडिया में वापसी चाहते हैं मोहम्मद शमी, लेकिन चयनकर्ताओं से टकराव पड़ रहा भारी?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.