राहुल गांधी का भाजपा और नीतीश कुमार पर निशाना, कहा- बिहार को बना दिया अपराध की राजधानी

Sandesh Wahak Digital Desk: पटना के जाने-माने व्यवसायी गोपाल खेमका की सरेआम हत्या ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वारदात को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दोनों ने मिलकर बिहार को “भारत की अपराध राजधानी” बना दिया है।

रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि पटना में व्यवसायी गोपाल खेमका की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह साबित करता है कि भाजपा और नीतीश कुमार ने मिलकर बिहार को अपराधियों के हवाले कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि अब वक्त केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि बिहार को बचाने का है।

क्या है पूरा मामला?

शुक्रवार रात लगभग 11:40 बजे, पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में स्थित अपने आवास के बाहर खेमका को एक मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हमलावर पहले से रेकी कर रहे थे और मौका मिलते ही खेमका पर गोलियां चला दीं। चौंकाने वाली बात यह है कि 7 साल पहले खेमका के बेटे की भी हाजीपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब पिता की हत्या ने पूरे प्रदेश को दहला दिया है।

‘अब यह अन्याय नहीं सहेंगे बिहारवासी’

राहुल गांधी ने लिखा  कि बिहार लूट, गोली और हत्या के साए में जी रहा है। अपराध यहां आम हो चुका है और सरकार पूरी तरह नाकाम। जो सरकार आपके बच्चों की सुरक्षा नहीं कर सकती, वह आपके भविष्य की भी जिम्मेदारी नहीं ले सकती। उन्होंने कहा कि हर हत्या, हर लूट, हर गोली एक चीख है बदलाव की। अब वक्त है एक ऐसे बिहार का, जहां डर नहीं, तरक्की हो।

जांच में जुटी पुलिस, SIT का गठन

घटना के बाद पुलिस महकमा हरकत में आ गया है। बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसमें स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और मध्य पुलिस जिला के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

राजनीति में गरमाहट, कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल

खेमका हत्याकांड ने जहां पटना और पूरे बिहार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं राजनीतिक हलकों में भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस इसे मुद्दा बनाकर भाजपा-जदयू सरकार को घेरने में जुटी है।

Also Read: गुजरात: आप विधायक चैतर वसावा हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार, बैठक के दौरान…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.