17 अक्टूबर को फतेहपुर जाएंगे राहुल गांधी, हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से करेंगे मुलाकात
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 अक्टूबर को फतेहपुर का दौरा करेंगे। वह रायबरेली में पिटाई के कारण दम तोड़ने वाले फतेहपुर निवासी हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस पार्टी दलित उत्पीड़न के इस संवेदनशील मामले को लेकर लगातार मुखर रही है। राहुल गांधी दलितों के मुद्दों पर पार्टी की गंभीरता को दर्शाने के लिए व्यक्तिगत रूप से पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हैं।
यह है कार्यक्रम
राहुल गांधी दिल्ली से कानपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहाँ से कार द्वारा फतेहपुर के लिए रवाना होंगे। वह सदर कोतवाली क्षेत्र के तुराब अली का पुरवा निवासी हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना देंगे। इसके बाद, उनके पार्टी नेताओं से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।
रायबरेली में हरिओम वाल्मीकि की पिटाई के दौरान उन्होंने कथित तौर पर राहुल गांधी का नाम लेकर गुहार लगाई थी। इस घटना के बाद कांग्रेस ने तुरंत इस मुद्दे को उठाया। इससे पहले, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और सांसद राकेश राठौर सहित कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल हरिओम वाmल्मीकि के घर आर्थिक सहायता देने पहुँचा था, लेकिन उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। अब राहुल गांधी खुद परिवार से मुलाकात करेंगे।
बता दें कि इस मामले में प्रदेश सरकार के दो मंत्री राकेश सचान और असीम अरुण भी पीड़ित के घर जा चुके हैं और पीड़ित की पत्नी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इस संवेदनशील मामले में अब तक 12 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
Also Read: UP News: मुख्य सचिव ने ‘ज़ीरो पॉवर्टी’ अभियान और उर्वरक वितरण पर दिए कड़े निर्देश

