UP में बारिश का कहर! 32 जिले बाढ़ की चपेट में, उफान पर नदिया, अब तक 15 लोगों की मौत

UP Rain: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मध्य प्रदेश व पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी (Mandakini River) का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आने के बाद फिर करीब ढाई मीटर ऊपर पहुंच गया है। इससे 36 गांव प्रभावित हैं।

प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि लखीमपुर खीरी में शारदा नदी खतरे के निशान से 32 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। प्रदेश में बारिश के कारण मकान और दीवार गिरने की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।

32 जिले बाढ़ से प्रभावित

राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक प्रदेश के 32 जिले बाढ़ (Flood) से प्रभावित हैं, जिनमें 22 जिलों में स्थिति ज्यादा गंभीर है। अयोध्या, आजमगढ़, बलिया, बाराबंकी, बदायूं, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोरखपुर, हापुड़, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, सीतापुर, उन्नाव और वाराणसी समेत कई जिले प्रभावित हैं।

अवध क्षेत्र में सरयू, शारदा और सई का जलस्तर भी बढ़ा है। बाराबंकी में सरयू खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर है। बहराइच में सरयू में 3.18 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नौ गांव बाढ़ से घिर गए हैं। सीतापुर में शारदा और अमेठी में गोमती नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।

चित्रकूट में 150 लोगों को सुरक्षित निकाला

चित्रकूट में मंदाकिनी की अचानक आई बाढ़ के बीच PAC और प्रशासन की टीम ने करीब 150 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रभावित लोगों को भोजन, राहत सामग्री और मेडिकल जांच उपलब्ध कराई गई। बाढ़ और भारी बारिश को देखते हुए चित्रकूट में 3 सितंबर को कक्षा 12 तक के स्कूल बंद रखे गए हैं। वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र और बलिया में भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

बारिश के चलते बांदा में तीन, मिर्जापुर और अमरोहा में दो-दो तथा फतेहपुर, हरदोई, वाराणसी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, अमेठी, सीतापुर और रायबरेली में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

आगे भी भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक सितंबर के पहले सप्ताह में बुंदेलखंड, दक्षिणी जिलों, तराई और प्रदेश के अन्य हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। बुधवार को मिर्जापुर में सबसे ज्यादा 161 मिमी बारिश दर्ज हुई।

गुरुवार को ललितपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जबकि बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को फर्रुखाबाद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे भी करेंगे।

Also Read: नोएडा प्रदर्शन केस में HC ने आकृति चौधरी की NSA हिरासत रद्द की, कहा- ‘UP सरकार के दावे मनगढ़ंत’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.