Raja Raghuvanshi Murder Case: एक ही थाने में सोनम और चारों आरोपी, जल्द होगा आमना-सामना
Sandesh Wahak Digital Desk: मेघालय के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मंगलवार को गुवाहाटी एयरपोर्ट से शिलॉन्ग लाया गया। वहां मेडिकल जांच और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के बाद आज किसी भी समय उसे कोर्ट में पेश किया जा सकता है, जहां पुलिस उसकी रिमांड की मांग करेगी।
मेडिकल जांच के बाद थाने पहुंची सोनम
सुबह करीब 11 बजे गुवाहाटी एयरपोर्ट पहुंची सोनम को सबसे पहले शिलॉन्ग के सदर अस्पताल थाने ले जाया गया, फिर मेडिकल के लिए गणेश अस्पताल। करीब दो घंटे तक चली जांच के बाद उसे फिर थाने लाया गया। अब पुलिस उसकी पेशी की तैयारी कर रही है।

सोनम के अलावा इस केस से जुड़े चार अन्य आरोपी – राज कुशवाहा, विशाल उर्फ विक्की, आनंद और आकाश को भी मंगलवार रात इंदौर से दिल्ली होते हुए गुवाहाटी लाया गया। आज सुबह ये चारों शिलॉन्ग पहुंच गए हैं। मेडिकल जांच के बाद इनकी भी कोर्ट में पेशी होगी। सूत्रों के अनुसार, सोनम और मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे राज कुशवाहा को एक ही थाने में रखा गया है। ऐसे में संभावना है कि दोनों का आमना-सामना हो सकता है।
हत्या के बाद इंदौर में छिपी रही सोनम, फिर किया सरेंडर
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हत्या के बाद सोनम सीधे इंदौर लौट गई थी और देवास नाका इलाके के एक फ्लैट में तीन दिन तक छिपकर रही। बाद में वह उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर पहुंची और वहां के नंदगंज थाने में सरेंडर किया। पुलिस ने सोनम की गतिविधियों की ट्रैकिंग के बाद यह जानकारी साझा की है। अब वह शिलॉन्ग पुलिस की हिरासत में है और कोर्ट में पेश होने जा रही है।

आपको बता दें कि राजा और सोनम की शादी इसी साल 11 मई को इंदौर में हुई थी। इसके बाद दोनों हनीमून मनाने मेघालय गए थे। 23 मई को दोनों नोंग्रियाट गांव से लापता हो गए। राजा का शव 2 जून को जंगल में मिला, जिसके सिर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान थे।
सोनम और राज ने मिलकर रचा था मास्टर प्लान
पुलिस की जांच में सामने आया कि सोनम और राज कुशवाहा ने मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची थी। राज खुद मेघालय नहीं गया, ताकि शक न हो, लेकिन उसने अपने तीन साथियों को भेजा, जिन्होंने हत्या की योजना को अंजाम दिया। एक स्थानीय गाइड ने बताया कि उसने तीन अजनबियों को सोनम और राजा के साथ देखा था। जब पुलिस ने तस्वीरें दिखाईं तो उसने उनमें से एक की पहचान कर ली।
तो दूसरी ओर राजा की मां ने भावुक होकर सवाल किया “अगर सोनम को किसी और से प्यार था तो उसने मेरे बेटे से शादी क्यों की? उसे क्यों मारा?” वहीं, राज की बहन और मां ने उसे निर्दोष बताया है। उनके मुताबिक, सोनम और राज का रिश्ता सिर्फ मालिक और कर्मचारी जैसा था।
फिलहाल इंदौर पुलिस ने आरोपी विशाल चौहान के घर से हत्या के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जिससे यह पुष्टि हो सके कि कपड़ों पर खून के धब्बे हैं या नहीं। अब पुलिस सोनम और बाकी चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी और न्यायिक हिरासत की मांग करेगी। यह हत्याकांड अभी भी कई परतों से घिरा है, और पुलिस की जांच जारी है।
Also Read: ‘आई एम सॉरी पापा…’, लखनऊ में सुसाइड नोट लिखकर BBA छात्र ने की आत्महत्या

