जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे कांग्रेस प्रभारी, बोले- नहीं चलने देंगे शिक्षा पर बुलडोजर, संघर्ष रहेगा जारी

Rajendra Pal Gautam: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम बुधवार को रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में धरना दे रहे छात्रों और शिक्षकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की कार्रवाई को शिक्षा के खिलाफ, असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।

राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जौहर विश्वविद्यालय के संरक्षण के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है और इसे बचाने के लिए हर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार को व्यक्तिगत या राजनीतिक कारणों से किसी शैक्षणिक संस्थान को निशाना बनाने का अधिकार नहीं है।

जौहर विश्वविद्यालय देश की विरासत का हिस्सा

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि यह विश्वविद्यालय महान स्वतंत्रता सेनानी, राष्ट्रवादी नेता, पत्रकार और शिक्षाविद मौलाना मोहम्मद अली जौहर के नाम पर स्थापित किया गया है। ऐसे संस्थान को बचाना केवल एक विश्वविद्यालय की रक्षा नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता संग्राम की विरासत और शिक्षा के सम्मान की भी लड़ाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा पर किसी भी तरह का “बुलडोजर” चलने नहीं दिया जाएगा।

तंजीम फातिमा से भी की मुलाकात 

रामपुर दौरे के दौरान राजेन्द्र पाल गौतम ने पूर्व मंत्री मो. आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद तंजीम फातिमा से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच विश्वविद्यालय से जुड़े पूरे घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे कांग्रेस प्रभारी, बोले- नहीं चलने देंगे शिक्षा पर बुलडोजर, संघर्ष रहेगा जारी

फिलहाल मुरादाबाद मंडलायुक्त ने विश्वविद्यालय परिसर के 38 भवनों को गिराने की प्रस्तावित कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा दी है। कांग्रेस ने इसे राहत भरा कदम बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के अस्तित्व की रक्षा के लिए उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Also Read: यूपी के अमन कुशवाहा थाईलैंड में दिखाएंगे दम, हीरोज इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए होंगे रवाना 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.