राज्यसभा सांसद कोयल मलिक ने दिया इस्तीफा, ममता बनर्जी की बढ़ीं मुश्किलें

Koel Mallick: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) में लगातार टूट देखने को मिल रही है। गुरुवार को पार्टी को एक और बड़ा झटका तब लगा, जब राज्यसभा सांसद और अभिनेत्री कोयल मलिक ने अपने पद से आधिकारिक तौर पर इस्तीफा दे दिया। हालांकि उन्होंने करीब एक महीने पहले ही इस्तीफा देने की घोषणा कर दी थी, लेकिन अब उन्होंने औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा भेज दिया है।

कोयल मलिक को इसी साल अप्रैल में ममता बनर्जी ने राज्यसभा भेजा था, लेकिन कुछ ही महीनों में उन्होंने पद छोड़ने का फैसला कर लिया। इससे पहले सुष्मिता देव और शुखेंदु शेखर समेत कई नेताओं ने भी राज्यसभा से इस्तीफा दिया था। बाद में वे भाजपा में शामिल हुए और पार्टी की ओर से दोबारा राज्यसभा के उम्मीदवार बने।

हार के बाद लगातार कमजोर होती दिख रही TMC

विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि पार्टी से दूरी बना चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, लोकसभा के 20 से अधिक सांसद काकोली के नेतृत्व वाले गुट के साथ एनसीपीआई में शामिल हो चुके हैं। वहीं 60 से ज्यादा विधायक भी ममता बनर्जी का साथ छोड़ चुके हैं। हाल ही में मदन मित्रा ने भी टीएमसी की संगठनात्मक जिम्मेदारियों से इस्तीफा देकर बागी गुट का दामन थाम लिया।

‘कमरा बदला है, मकान नहीं’ बोले मदन मित्रा

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले कामरहाटी से विधायक मदन मित्रा बुधवार को नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट में शामिल हो गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ी है। मित्रा ने कहा, “मैंने अपना कमरा बदला है, मकान नहीं। मैं तृणमूल कांग्रेस का ही हिस्सा हूं। शायद उस कमरे में आरामदायक बिस्तर था, जबकि इस कमरे में केवल एक चारपाई है। मैंने चारपाई को चुना है।”

उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट की सभी राष्ट्रीय और संगठनात्मक समितियों से इस्तीफा दे रहे हैं। साथ ही पश्चिम बंगाल विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक पद से भी तत्काल प्रभाव से हटने का फैसला किया है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह टीएमसी के विधायक बने रहेंगे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.