कानपुर के हैलट अस्पताल में ड्यूटी के दौरान जूनियर डॉक्टर की मौत, हार्ट अटैक की आशंका

Kanpur News: कानपुर के हैलट अस्पताल में ड्यूटी के दौरान जूनियर डॉक्टर डॉ. विनोद बिंद की मौत हो गई। साथी डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें हार्ट अटैक आने की आशंका है। घटना उस समय हुई जब वह इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर साथियों ने तुरंत उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

डॉ. विनोद बिंद मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले थे और जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में एमएस (द्वितीय वर्ष) के छात्र थे। वह ऑर्थोपेडिक्स विभाग से जुड़े हुए थे। जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान उन्होंने पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द और बेचैनी की शिकायत की थी।

जांच सामान्य, लेकिन हालत बिगड़ती गई

साथी डॉक्टरों ने तत्काल उनका ईसीजी और अन्य जरूरी जांचें कराईं। शुरुआती रिपोर्ट सामान्य आने से डॉक्टर भी हैरान थे, लेकिन उनकी घबराहट और बेचैनी लगातार बढ़ती रही। हालत गंभीर होने पर उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक को मौत का कारण माना जा रहा है।

अस्पताल में शोक और आक्रोश

डॉ. विनोद बिंद के असामयिक निधन की खबर फैलते ही जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज और हैलट अस्पताल में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में डॉक्टर और छात्र अस्पताल के बाहर जमा हो गए। कई डॉक्टरों में आक्रोश भी देखा गया, हालांकि आधिकारिक रूप से किसी ने बयान नहीं दिया।

 

Also Read : Lucknow News: यूपी एसटीएफ ने इनामी हत्या के आरोपी को राजस्थान से किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.