राम मंदिर चंदा चोरी का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस, अगले 1 हफ्ते तक चलाएगी घर-घर अभियान
UP Congress: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में गुरुवार को हुई प्रेसवार्ता में अयोध्या के रामजन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदा और चढ़ावा चोरी के आरोपों का मुद्दा उठाया गया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने इसे पूरे देश की आस्था से जुड़ा मामला बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगले एक सप्ताह में गांव-गांव और घर-घर जाकर इसे जनता के बीच उठाएगी।
गौतम ने कहा कि 17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी से प्रोग्रेस या स्टेटस रिपोर्ट बंद लिफाफे में मांगी थी। ऐसे में जांच से जुड़ी गोपनीय जानकारी मीडिया तक कैसे पहुंची, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मीडिया रिपोर्टों में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दिए जाने का हवाला देते हुए पूरी रिपोर्ट और क्लीन चिट के आधार सार्वजनिक करने की मांग की।
अजय राय ने भी उठाए जांच पर सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि एसआईटी बनने के समय ही कांग्रेस ने इसकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले के लिए विशेष टीम बनाएगी और चंदा-चढ़ावा चोरी के आरोपों को जनता तक पहुंचाएगी।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि केवल आठ कर्मचारियों की गिरफ्तारी से पूरी जिम्मेदारी तय नहीं हो सकती। दान, बहुमूल्य धातुओं की जांच, रखरखाव और हिसाब-किताब की संस्थागत जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। कांग्रेस ने फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक करने की मांग की।
जमीन सौदों की जांच की भी मांग
युवा कांग्रेस नेता शरद शुक्ला ने दावा किया कि एसआईटी रिपोर्ट में डॉ. अनिल मिश्रा की जिम्मेदारी को लेकर टिप्पणियां थीं। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट की जमीन खरीद की उच्चस्तरीय जांच और कथित वित्तीय अनियमितताओं की ईडी जांच की मांग की। प्रेसवार्ता में उन्होंने जमीन सौदों और एसआईटी रिपोर्ट से जुड़े दस्तावेज भी मीडिया के सामने रखे।
Also Read: संजय सिंह ने SIT की ‘गायब रिपोर्ट’ का पन्ना नंबर 6 किया सार्वजनिक, राम मंदिर ट्रस्ट पर उठाए सवाल

